खाटूश्यामजी में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, संगठन महामंत्री अजय कुमार का संदेश
'पार्टी से बड़ा कोई नहीं, संगठन और सरकार साथ मिलकर करें काम'; गुटबाजी को बताया अस्वीकार्य
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत
खाटूश्यामजी : खाटूश्यामजी में भारतीय जनता पार्टी की जयपुर संभाग स्तरीय संगठनात्मक बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पार्टी से बड़ा कोई व्यक्ति नहीं होता। संगठन और सरकार को हमेशा समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए तथा भाजपा में गुटबाजी के लिए कोई स्थान नहीं है।
बैठक में जयपुर संभाग के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, पूर्व प्रत्याशी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश संगठन महामंत्री ने पहली बार कार्यकर्ताओं से परिचय लेते हुए संगठन की कार्यप्रणाली, अनुशासन और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
अनुशासन और संगठन पर दिया जोर
अजय कुमार ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है, जहां पन्ना प्रमुख से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सभी कार्यकर्ता समान भावना से पार्टी के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की पहचान किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि ‘कमल के फूल’ से है। आगामी निकाय और पंचायती राज चुनावों में संगठन पूरी मजबूती के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरेगा।
खाली पद जल्द भरने के निर्देश
बैठक में मंडल और जिला कार्यकारिणियों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। संगठन के लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सालभर सक्रिय रहता है संगठन
प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि यह पूरी तरह संगठनात्मक बैठक थी। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन पूरे वर्ष सक्रिय रहता है, इसलिए चुनाव घोषित होने पर अलग से तैयारी करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। बैठक का उद्देश्य चुनावी रणनीति बनाना नहीं, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना है। बैठक में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत मंथन किया गया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2264673


