आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, कार्य बहिष्कार की चेतावनी
सीडीपीओ को सौंपा ज्ञापन, अतिरिक्त कार्यों का विरोध; ओबीसी सर्वे और ऑनलाइन फीडिंग से राहत की मांग
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न वित्तीय एवं गैर-वित्तीय मांगों को लेकर बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर वे कार्य बहिष्कार कर देंगी।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विभाग द्वारा उनसे मूल कार्यों के अलावा अन्य गैर-विभागीय कार्य भी कराए जा रहे हैं। उनका कहना है कि पहले से ही पोषण, गर्भवती महिलाओं और बच्चों से जुड़े कार्यों का अत्यधिक दबाव है, इसके बावजूद ओबीसी सर्वे सहित अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
ऑनलाइन कार्य में नेटवर्क सबसे बड़ी बाधा
कार्यकर्ताओं ने बताया कि उदयपुरवाटी क्षेत्र का बड़ा हिस्सा पहाड़ी और दुर्गम होने के कारण मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी रहती है। ऐसे में ‘पोषण ट्रैकर’ सहित अन्य ऑनलाइन ऐप पर समय पर फीडिंग करना संभव नहीं हो पाता। कई बार उन्हें रात देर तक नेटवर्क मिलने का इंतजार करना पड़ता है, जिससे मानसिक तनाव बढ़ रहा है।

कम मानदेय में बढ़ता कार्यभार
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि कम मानदेय और सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार अतिरिक्त कार्य सौंपे जा रहे हैं। कई कार्यकर्ता कम शिक्षित हैं, जिसके कारण बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के डिजिटल कार्य करना उनके लिए चुनौती बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार ऑनलाइन कार्य पूरा करने के लिए परिवार के सदस्यों की भी मदद लेनी पड़ती है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो करेंगे कार्य बहिष्कार
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी वित्तीय एवं गैर-वित्तीय मांगों पर सरकार ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे ऑनलाइन और ऑफलाइन सभी सरकारी कार्यों का बहिष्कार करेंगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान मंजू, सरोज, इंदिरा, किरण कुमारी, चंद्रकला, अमृता, मीरा, सुमित्रा, विमला देवी, कंचन, सजना, मुन्नी देवी, कमला कुमारी, शकुंतला, ममता, कमला देवी, सुविधा, विद्या, सरिता, बजी, सुप्यार, सविता, तारामणि, अंजू, प्रेम, ग्यारसी, लक्ष्मी, गीता, परमेश्वरी, संतोष, संगीता, कमलेश, सीमा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2259002


