राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ में दी आहुति, झड़ाया बालाजी धाम में किए दर्शन
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ में दी आहुति, झड़ाया बालाजी धाम में किए दर्शन
झुंझुनूं : झड़ाया बालाजी धाम में आयोजित 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ के सातवें दिन मंगलवार को धार्मिक आस्था, वैदिक परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का भव्य संगम देखने को मिला। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े विशेष रूप से महायज्ञ में शामिल होने झड़ाया धाम पहुंचे। उन्होंने बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा यज्ञ में विश्व कल्याण के लिए आहुति अर्पित की।
राज्यपाल पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे झड़ाया बालाजी धाम पहुंचे, जहां महायज्ञ सेवा समिति एवं संत-महात्माओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। उन्होंने सर्वप्रथम बालाजी मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर बालाजी महाराज को चोला अर्पित किया। वैदिक विद्वानों के मंत्रोच्चारण के बीच पूजा संपन्न हुई।
इसके बाद राज्यपाल यज्ञशाला पहुंचे और 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ में आहुति देकर विश्व शांति, जनकल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण की कामना की। वैदिक मंत्रों की गूंज और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण का संदेश
यज्ञ के पश्चात राज्यपाल कथा पांडाल पहुंचे, जहां जलदाय मंत्री केएल चौधरी, खंडेला विधायक सुभाष मील, उदयपुरवाटी के पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी तथा महायज्ञ समिति के पदाधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ का उद्देश्य विश्व शांति, जनकल्याण और पर्यावरण संरक्षण है। ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कार हमारी पहचान हैं तथा इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
रामायण और महाभारत को बताया अमूल्य धरोहर
राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में रामायण और महाभारत को विश्व की महानतम धरोहर बताते हुए भारतीय संस्कृति, दर्शन और ज्ञान परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाजसेवी हनुमान प्रसाद पोद्दार का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सम्मान से अधिक समाज सेवा को प्राथमिकता दी और उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने महर्षि पतंजलि के योग दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा आज भी पूरी दुनिया का मार्गदर्शन कर रही है। भारतीय दर्शन केवल विचार नहीं बल्कि श्रेष्ठ जीवन पद्धति है।

भगवान श्रीराम के आदर्श अपनाने का आह्वान
राज्यपाल ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन लोककल्याण और आदर्श जीवन मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दूसरों के अधिकारों की रक्षा करना ही वास्तविक न्याय है, जबकि केवल अपने अधिकारों की चिंता करना स्वार्थ है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने राजस्थान में अच्छी वर्षा की कामना करते हुए कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी प्रदेश में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
25 जून तक चलेगा महायज्ञ
महायज्ञ सेवा समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि झड़ाया बालाजी धाम में 17 जून से प्रारंभ हुआ 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ 25 जून तक आयोजित किया जाएगा। महायज्ञ में प्रतिदिन प्रदेशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और धार्मिक अनुष्ठानों, कथा एवं भक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।
इस अवसर पर जलदाय मंत्री केएल चौधरी, खंडेला विधायक सुभाष मील, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, महामंडलेश्वर बलदेव दास महाराज, सीताराम दास महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण कुमार गर्ग, सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी, झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर तथा सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2223898


