पेयजल व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश:प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने विकास कार्यों की समीक्षा की, सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी शुरू
पेयजल व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश:प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने विकास कार्यों की समीक्षा की, सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी शुरू
झुंझुनूं : जिले के प्रभारी एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने गुरुवार को झुंझुनूं दौरे के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, जिनमें पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, अमृत योजना और लखपति दीदी योजना शामिल हैं, की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लक्ष्य पूर्ति पर विशेष जोर दिया।
पेयजल और बिजली व्यवस्था पर विशेष फोकस
गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने जिले की पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है, वहां नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
उन्होंने कहा कि पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम के नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि लोग आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
बैठक में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और विभिन्न जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) पर चल रहे मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल संरक्षण और पौधारोपण अभियान की समीक्षा
बैठक के दौरान जिले में संचालित ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ और पौधारोपण कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
12 जून से शुरू होंगे सेवा शिविर
प्रभारी मंत्री ने 12 जून से शुरू होने वाले ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
सरकार की उपलब्धियों पर चार दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ
समीक्षा बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने सूचना केंद्र परिसर में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
प्रदर्शनी में फोटो पैनलों और विभिन्न प्रदर्शन सामग्री के माध्यम से सरकार की योजनाओं, नवाचारों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन को दी जा रही है। यह प्रदर्शनी रविवार तक आम लोगों के लिए नि:शुल्क खुली रहेगी।
किसानों को मिली आधुनिक कृषि उपकरणों की सुविधा
प्रदर्शनी के दौरान मंत्री ने राजीविका के तहत संचालित कस्टम हायरिंग सेंटर (सीएचसी) के लिए तीन ट्रैक्टरों की सुपुर्दगी भी की। इन ट्रैक्टरों और आधुनिक कृषि उपकरणों का उपयोग किसान बेहद कम किराए पर कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इससे छोटे और सीमांत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ मिलेगा, खेती की लागत कम होगी और उत्पादन में वृद्धि होगी।
बीते 12 वर्ष विकास और विश्वास के रहे: गहलोत
प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में अविनाश गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश और प्रदेश में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष देश के लिए विकास, विश्वास और जनकल्याण के वर्ष रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
मंत्री ने दावा किया कि झुंझुनूं जिले में भी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनका लाभ जल्द ही जिलेवासियों को मिलेगा। उन्होंने लोगों से सेवा शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
विधायक बोले- विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहा राजस्थान
इस अवसर पर झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से राजस्थान में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है और प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2206008

