प्रगणकों ने दी घर-घर दस्तक, जनगणना-2027 का प्रथम चरण शुरू
‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ कार्य के तहत जिले के 11 चार्ज में जुटाई गई जानकारी
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में शनिवार से जिलेभर में जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” कार्य का शुभारंभ हो गया। पहले दिन जिले के कुल 11 चार्ज क्षेत्रों में प्रगणकों ने घर-घर पहुंचकर नागरिकों से आवश्यक जानकारी एकत्रित की तथा मकानों पर निर्धारित अंकन भी किया।
जनगणना कार्य शुरू होते ही जिलेभर में प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली। प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने विभिन्न मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर मकानों की स्थिति, उपयोग, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा परिवारों से संबंधित जानकारियां संकलित कीं। इस दौरान आमजन को जनगणना के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।

प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने बताया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा नीति निर्माण की आधारभूत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े ही सरकार को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद करते हैं। इसलिए सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जनगणना दल को सही एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करवाएं। साथ ही आश्वस्त किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए ही किया जाएगा।

नागरिकों से जुटाई जा रही 33 प्रकार की जानकारियां
प्रथम चरण के दौरान प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित की जा रही है। इनमें भवन संख्या, मकान की स्थिति, फर्श, दीवार एवं छत की प्रमुख सामग्री, मकान का उपयोग, परिवारों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम व लिंग, अनुसूचित जाति/जनजाति संबंधी जानकारी, मकान का स्वामित्व, कमरों की संख्या, विवाहित जोड़ों की संख्या, पेयजल स्रोत, बिजली, शौचालय, स्नानघर, रसोई, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने का ईंधन, इंटरनेट सुविधा, मोबाइल, कंप्यूटर, वाहन आदि से संबंधित जानकारी शामिल है।
इसके अलावा घर में उपयोग होने वाले मुख्य अनाज तथा जनगणना संबंधी संचार के लिए मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जनगणना-2027 के इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को सक्रिय किया गया है तथा फील्ड कार्य की लगातार मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2154864


