बिसाऊ से जनगणना-2027 फील्ड कार्य का शुभारंभ, आमजन से सहयोग की अपील
तहसीलदार शेरसिंह राठौड़ ने दिखाई हरी झंडी, ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों की टीमें फील्ड में रवाना
बिसाऊ : जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत भवन एवं मकान सूचीकरण कार्य की शनिवार से औपचारिक शुरुआत हो गई। बिसाऊ तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम में तहसीलदार शेरसिंह राठौड़ ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रगणकों और सुपरवाइजरों को हरी झंडी दिखाकर उनके-अपने कार्यक्षेत्रों के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान जनगणना कर्मियों को आवश्यक किट वितरित की गई तथा उन्हें पूरी निष्ठा, सावधानी और समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला होते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रगणक एवं सुपरवाइजर को त्रुटिरहित तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
इस अवसर पर स्व-गणना कार्य में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने वाले प्रगणक विकास गुर्जर, कंचन चाहर, संजय स्वामी, प्रमोद कुमार और शिवदत्त को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रगणकों के कार्य की सराहना करते हुए तहसीलदार शेरसिंह राठौड़ ने कहा कि जनगणना कार्य में ईमानदारी और सटीकता बेहद आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि उपखंड प्रशासन द्वारा सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध करवाएं तथा फील्ड कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
तहसीलदार ने कहा कि जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि आमजन को इसकी जानकारी मिल सके और फील्ड में कार्यरत कार्मिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई कि वे जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
इस दौरान नगरपालिका लिपिक प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रगणक, सुपरवाइजर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2154842


