पोती ने पूरा किया दादा-दादी का सपना
दनचौली की मुस्कान छिल्लर बनीं डॉक्टर, एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
पचेरी कलां : हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव दनचौली की बेटी मुस्कान छिल्लर ने एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मुस्कान ने हिसार स्थित अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से अपनी डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी कर डॉक्टर बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्रभर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।
मुस्कान की सफलता केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि उनके दादा-दादी के उस सपने का साकार रूप है, जिसमें वे अपनी पोती को डॉक्टर बनते देखना चाहते थे। मुस्कान ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर इस सपने को हकीकत में बदल दिया।
शुरू से ही मेधावी रही मुस्कान
मुस्कान बचपन से ही पढ़ाई में प्रतिभाशाली रही हैं। उन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 88 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद वर्ष 2021 में नीट (NEET) परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया। लगातार कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ पढ़ाई करते हुए अब उन्होंने एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त कर अपने परिवार को गौरवान्वित किया है।
शिक्षित और प्रेरणादायी परिवार से जुड़ी हैं मुस्कान
मुस्कान ने बताया कि उनके दादा स्वर्गीय शेर सिंह खाद्य आपूर्ति विभाग में डीएफएससी पद से सेवानिवृत्त थे, जिनका वर्ष 2021 में निधन हो गया था। उनके पिता डॉ. मानसिंह शिक्षा विभाग में व्याख्याता रहे हैं और वर्ष 2025 में सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी माता अर्चना वर्तमान में शिक्षा विभाग में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं।
परिवार में शिक्षा और सामाजिक सेवा का वातावरण हमेशा प्रेरणादायी रहा। उनके चाचा सुरेंद्र सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जबकि चाची सुमन शिक्षा विभाग में व्याख्याता हैं।
नोबल शिक्षण संस्थान और शेखावाटी में खुशी की लहर
मुस्कान की इस सफलता से राजस्थान के झुंझुनूं जिले सहित शेखावाटी क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। उनके मामा डॉ. संदीप नेहरा और मामी सुमन नेहरा सिंघाना, पचेरी बड़ी और देवलावास में संचालित नोबल पब्लिक स्कूल एवं कॉलेज के संचालक हैं, जिन्हें शिक्षा के क्षेत्र में विशेष पहचान हासिल है।
भांजी की इस उपलब्धि पर डॉ. संदीप नेहरा और सुमन नेहरा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुस्कान की मेहनत और समर्पण आज सभी बेटियों के लिए प्रेरणा बन गया है। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों ताऊ सुबेसिंह, जगदीश, चाचा सुरेंद्र और चाची सुमन ने भी मुस्कान की सफलता पर गर्व जताया।
मां और मामा को दिया सफलता का श्रेय
डॉ. मुस्कान छिल्लर ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विशेष रूप से अपनी मां अर्चना और मामा डॉ. संदीप नेहरा को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2153732


