निर्माणाधीन सीसी सड़क बनी विवाद की वजह
छैला नगर में सड़क निर्माण को लेकर हंगामा, कॉलोनीवासियों ने लगाए पक्षपात और धमकी के आरोप
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : चंद्रकांत बंका
झुंझुनूं : शहर के अग्रसेन सर्किल के पास विधायक निवास के सामने स्थित छैला राम नगर और शहीद इंद्र सिंह कॉलोनी में निर्माणाधीन सीसी सड़क एक बार फिर विवादों में आ गई है। सड़क निर्माण कार्य को लेकर कॉलोनीवासियों और निर्माण पक्ष के बीच लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार को मामला उस समय और गरमा गया जब सड़क निर्माण के दौरान एक ओर नाली के लिए जगह छोड़ी गई, जबकि दूसरी ओर सड़क को दीवार से सटाकर बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई।
कॉलोनीवासियों ने इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए नगर परिषद प्रशासन पर सवाल खड़े किए और नगर परिषद आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद आयुक्त ने एक्सईएन और जेईएन की टीम को मौके पर भेजा, लेकिन इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हो सका।
“विधायक का आदमी” बताकर धमकाने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में रहने वाला एक व्यक्ति खुद को विधायक का प्रतिनिधि बताकर लोगों को धमका रहा है। कॉलोनीवासियों के अनुसार उक्त व्यक्ति ने खुले तौर पर कहा कि वह अपने घर की तरफ नाली नहीं बनने देगा और जिसे जो करना है कर ले। लोगों का आरोप है कि उसने यह तक कहा कि “विधायक, प्रशासन और पुलिस सब मेरे साथ हैं, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
इस कथित धमकी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और फिलहाल निर्माण कार्य को यथास्थिति में रुकवा दिया गया।
कॉलोनीवासियों की मांग – “पूरी सड़क एक समान बने”
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क का निर्माण जिस प्रकार पीछे की ओर दोनों तरफ ढाई-ढाई फीट नाली की जगह छोड़कर किया गया है, उसी प्रकार पूरी सड़क का निर्माण होना चाहिए। उनका कहना है कि यदि एक हिस्से में नियम बदले गए तो भविष्य में जलभराव और निकासी की समस्या खड़ी हो सकती है।
कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। लोगों ने निष्पक्ष जांच करवाकर नियमानुसार सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की है।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
विवाद के दौरान ओबीसी कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष सैनी, पार्षद प्रदीप सैनी, मनोहर सैनी, अशोक सोनी, जितेंद्र जांगिड़, चौथमल सैनी, दिलीप कुमार, ओमप्रकाश शर्मा, गजानंद सैनी, मनोज सेन, विकास सैनी, हितेश शर्मा, सुल्तान सिंह झाझरिया, ओमप्रकाश चंदोलिया, राजेंद्र कृष्णिया सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौके पर मौजूद रहे। महिलाओं ने भी विरोध दर्ज करवाते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की।
फिलहाल निर्माण कार्य रोका गया है और नगर परिषद प्रशासन द्वारा पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अब लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2153713


