मार्च 2027 तक सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को NQAS प्रमाणन करवाएं सीएमएचओ डॉ गुर्जर
मार्च 2027 तक सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को NQAS प्रमाणन करवाएं सीएमएचओ डॉ गुर्जर
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : चंद्रकांत बंका
झुंझुनूं : राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर ब्लॉक क्वालिटी टीम की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को सीएमएचओ ऑफिस में आयोजित की गई। बैठक में जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित कर मार्च 2027 तक NQAS प्रमाणन दिलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर ने कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के तहत प्रमाणित करवाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए संस्थाओं में आधारभूत सुविधाओं, रिकॉर्ड संधारण, स्वच्छता, मरीज हितैषी सेवाओं एवं नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
इस दौरान डिप्टी सीएमएचओ डॉ अरुण अग्रवाल ने ब्लॉक क्वालिटी टीम सदस्यों को NQAS से संबंधित दस्तावेज तैयार करने, रिकॉर्ड संग्रहण, स्वास्थ्य संस्थानों के कार्मिकों के फिजिकल सुपरविजन तथा असेसमेंट प्रक्रिया के विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण एवं दस्तावेजीकरण बेहद जरूरी है।
वहीं डिप्टी सीएमएचओ स्वा. डॉ भंवर लाल सर्वा ने सभी ब्लॉक क्वालिटी टीम सदस्यों को मासिक कार्य योजना तैयार कर सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक संस्थाओं को NQAS प्रमाणन हेतु तैयार करवाने तथा प्रत्येक संस्था का चेकलिस्ट के अनुसार असेसमेंट कर रिपोर्ट बीसीएमओ के माध्यम से जिला स्तर पर भिजवाने के लिए पाबंद किया।
बैठक में जिला क्वालिटी टीम सदस्यों सुभाष चंद्र, चंद्र मोहन अग्रवाल, राकेश बुडानिया एवं नीतू द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को NQAS चेकलिस्ट, गुणवत्ता मानकों एवं संस्थागत तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। बैठक में गुणवत्ता सुधार गतिविधियों को गति देने, स्वास्थ्य संस्थाओं में नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने तथा मरीजों को बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया गया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2153591


