झुंझुनूं बना सौर ऊर्जा का पावर हब: हर महीने बन रही पौने तीन करोड़ यूनिट बिजली, 8 हजार घरों के बिल हुए जीरो
अजमेर डिस्कॉम में झुंझुनूं तीसरे स्थान पर, सरकार दे चुकी 80 करोड़ की सब्सिडी
झुंझुनूं : जिले में सौर ऊर्जा क्रांति तेजी से आकार ले रही है। झुंझुनूं अब हर महीने करीब पौने तीन करोड़ यूनिट बिजली सोलर प्लांटों से तैयार कर रहा है। किसानों और आमजन की बढ़ती भागीदारी के चलते जिला अजमेर डिस्कॉम क्षेत्र में सोलर ऊर्जा उत्पादन के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। सरकार भी इस अभियान को बढ़ावा देने के लिए अब तक करीब 80 करोड़ रुपए की सब्सिडी जारी कर चुकी है।
अजमेर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता महेश कुमार टीबड़ा ने बताया कि केंद्र सरकार की कुसुम योजना और पीएम सूर्यघर योजना के तहत जिले में बड़ी संख्या में किसान और उपभोक्ता सौर ऊर्जा से जुड़ रहे हैं। इससे न केवल बिजली उत्पादन बढ़ा है, बल्कि लोगों की आय में भी इजाफा हो रहा है।
खेतों में फसल के साथ अब बिजली की भी खेती
कुसुम-ए और कुसुम-सी योजनाओं ने जिले के किसानों की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है। अब किसान खेतों में केवल फसल ही नहीं उगा रहे, बल्कि सोलर प्लांट लगाकर बिजली उत्पादन भी कर रहे हैं। किसान अपनी जमीन के एक हिस्से में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर बिजली विभाग को बिजली बेच रहे हैं, जिससे उन्हें हर महीने नियमित आय प्राप्त हो रही है।
जिले में दर्जनों सोलर प्लांट सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं और किसान खेती के साथ अतिरिक्त कमाई का लाभ उठा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक मजबूती भी बढ़ रही है।
8 हजार घरों के बिजली बिल पहुंचे शून्य पर
पीएम सूर्यघर योजना के तहत जिले के करीब 8 हजार घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इन परिवारों का बिजली बिल अब लगभग खत्म हो चुका है। कई उपभोक्ता अपनी जरूरत से ज्यादा बिजली बनाकर ग्रिड में सप्लाई भी कर रहे हैं, जिसके बदले उन्हें सरकार की ओर से भुगतान प्राप्त हो रहा है।
डिस्कॉम को भी बड़ी राहत
सौर ऊर्जा उत्पादन बढ़ने से अजमेर डिस्कॉम को भी राहत मिली है। स्थानीय स्तर पर बिजली उत्पादन होने से लाइनों पर लोड कम हुआ है और बिजली कटौती की समस्या में कमी आई है। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुचारू हुई है।
ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में झुंझुनूं सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो सकता है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2153420


