साधु बनकर आए ठग, युवक से 25 हजार रुपये व अनाज लेकर फरार
धन दोगुना करने का झांसा देकर दिया चूना, लाल कपड़े में निकली भभूति
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : अनिल शर्मा
शिमला : क्षेत्र के ग्राम शिमला में मंगलवार सुबह ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने ग्रामीणों को हैरान कर दिया। साधुओं के वेश में आए दो शातिर बदमाशों ने बड़ी चालाकी से एक परिवार को अपने झांसे में लिया और करीब 25 हजार रुपये नकद व अनाज लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों में ठगों के प्रति भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
चाय पीकर जीता भरोसा, फिर रचा पूरा खेल
जानकारी के अनुसार, खानका जोहड़ निवासी जयप्रकाश यादव के घर मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो व्यक्ति साधु के वेश में पहुंचे। उन्होंने घर के बाहर आवाज लगाकर चाय पीने की इच्छा जताई। घर में मौजूद जयप्रकाश की पत्नी सरोज यादव और पुत्र सचिन यादव ने उन्हें अंदर बुलाकर चाय पिलाई। साधुओं ने बड़ी सहजता से परिवार के साथ बातचीत की और खुद भी चाय पी। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से घुल-मिलकर ऐसा माहौल बनाया कि परिवार को उन पर पूरा भरोसा हो गया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उन्होंने ठगी की योजना को अंजाम दिया।

‘धन दोगुना’ करने का झांसा, 25 हजार रुपये ऐंठे
बातों ही बातों में ठगों ने युवक सचिन यादव को अपने प्रभाव में लिया और कहा कि उनके पास एक “चमत्कारी वस्तु” है। उन्होंने दावा किया कि यदि इस वस्तु को 8 दिन बाद खोला जाएगा तो घर में सुख-शांति बढ़ेगी और धन कई गुना हो जाएगा। ठगों ने कहा कि इस प्रक्रिया के लिए घर में रखे रुपये और गहने उस वस्तु के साथ बांधने होंगे। अंधविश्वास और लालच में आकर सचिन यादव ने घर में रखे 25,060 रुपये में से 25,000 रुपये निकालकर उन्हें दे दिए।
भंडारे का बहाना बनाकर गेहूं भी ले गए
नकदी लेने के बाद भी ठग नहीं रुके। उन्होंने भंडारे का हवाला देकर परिवार से गेहूं की मांग की। परिवार ने भी श्रद्धा में आकर एक भरा हुआ कट्टा गेहूं मोटरसाइकिल पर लदवा दिया। इतना ही नहीं, जाते-जाते उन्होंने पास के एक अन्य परिवार को भी अपने झांसे में लिया और वहां से करीब 3 किलो गेहूं और ले गए। इस तरह ठगों ने एक ही गांव में दो जगह वारदात को अंजाम दिया।
लाल कपड़े में निकली भभूति, तब खुला राज
ठगों के जाने के बाद सचिन यादव ने उत्सुकता में वह लाल कपड़ा खोला, जिसे 8 दिन बाद खोलने के लिए कहा गया था। लेकिन जैसे ही कपड़ा खोला गया, अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। उसमें सिर्फ 100 रुपये का एक नोट, थोड़ी भभूति और एक रुद्राक्ष का मनका निकला। तभी परिवार को एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही मेहाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश न दें और इस प्रकार के झांसे में न आएं। अंधविश्वास और लालच के कारण ही इस तरह के ठग लोगों को निशाना बनाते हैं। अनजान व्यक्ति पर तुरंत भरोसा न करें। पैसे या कीमती सामान किसी को न दें, संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2140402

