[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

राम विवाह की मनमोहक झांकी ने बांधा समां, भावुक हुए श्रद्धालु


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

राम विवाह की मनमोहक झांकी ने बांधा समां, भावुक हुए श्रद्धालु

भजनों पर झूम उठा पंडाल, मर्यादा और संस्कारों का दिया संदेश

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : चंद्रकांत बंका

झुंझुनूं : शहर के चुना चौक स्थित रामलीला पार्क में आयोजित भव्य रामकथा में मंगलवार को भगवान श्रीराम और माता सीता के दिव्य विवाह प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। राम विवाह की आकर्षक झांकियों, मधुर भजनों और आध्यात्मिक वातावरण ने पूरे पंडाल को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की सजीव झांकियां पंडाल में पहुंचीं, श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने श्रद्धाभाव से दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

कथा वाचक अयोध्या से पधारे महाराज धर्मदास ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का सरल, सरस और भावपूर्ण शैली में वर्णन किया। उन्होंने भजनों और प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और संस्कारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कथा के दौरान महिलाएं भजनों पर झूमती नजर आईं और पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।

महाराज ने गुरु वशिष्ठ, राजा दशरथ और मिथिला नरेश जनक के प्रसंगों का भी मार्मिक वर्णन किया। राम-सीता विवाह प्रसंग सुनाते हुए वे स्वयं भी भावुक हो उठे। उन्होंने संदेश दिया कि जिस प्रकार मिथिला नरेश ने अपनी पुत्री सीता को संस्कारों और मर्यादाओं के साथ विदा किया, उसी प्रकार प्रत्येक परिवार को अपनी पुत्रियों को उत्तम संस्कार देकर सशक्त बनाना चाहिए।

कार्यक्रम संयोजक महेश बसावतिया ने बताया कि कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज झुंझुनूं की ओर से धर्मदास महाराज का सम्मान किया गया।

सम्मान समारोह में गौड़ ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष पवन शर्मा देरवाला, उपाध्यक्ष शिवचरण पुरोहित, युवा अध्यक्ष ललित जोशी, पुजारी सेवक महासंघ के जिला अध्यक्ष विनोद पुजारी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. विद्या पुरोहित ने किया।

कार्यक्रम में भगवान राम की भूमिका में गौरव, माता सीता की भूमिका में लवीना जांगिड़ तथा लक्ष्मण की भूमिका में अन्य कलाकारों ने सजीव अभिनय कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में महिलाओं सहित सैकड़ों श्रद्धालु कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Related Articles