[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

शिक्षकों के स्थानांतरण व पदोन्नतियां शीघ्र हों : पुष्करणा


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

शिक्षकों के स्थानांतरण व पदोन्नतियां शीघ्र हों : पुष्करणा

टीईटी अनिवार्य विषय पर सरकार पुनर्विचार याचिका दायर करे : शिक्षक संघ राष्ट्रीय

सीकर : राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय ने प्रदेश के शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शिक्षा मंत्री मदन लाल दिलावर के साथ हुई वार्ता में कई महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें रखीं। संगठन ने सरकार से इन विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। बैठक में संगठन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा और प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा शामिल हुए।

प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने बताया कि संगठन शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सरकार से संवाद कर रहा है। शिक्षा मंत्री के साथ हुई वार्ता में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शिक्षकों के हितों की रक्षा से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए।

संगठन ने आगामी सत्र 2026-27 के लिए शिक्षकों के ग्रीष्मावकाश की अवधि 45 दिन से घटाकर 36 दिन करने के प्रस्ताव को अव्यवहारिक बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की। साथ ही अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से जुड़े मामले में उच्चतम न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर कर शिक्षकों को राहत देने की मांग भी की गई।

इसके अलावा प्रदेश में कार्यरत संविदा शिक्षकों का शीघ्र स्थायीकरण, स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल और महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम राजकीय विद्यालयों में रिक्त पदों को भरने, स्टाफिंग पैटर्न लागू कर प्रदेश में सवा लाख से अधिक पद स्वीकृत करने तथा इंटर्नशिप अवधि के वेतन वसूली संबंधी वित्त विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देकर शिक्षकों को राहत देने की मांग भी रखी गई।

प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने कहा कि सभी संवर्गों की लंबित पदोन्नतियां शीघ्र पूरी की जाएं। तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति के मामले में उच्चतम न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर समाधान कराने की मांग भी की गई। साथ ही सभी संवर्गों के स्थानांतरण ग्रीष्मावकाश में करने, टीएसपी से नॉन टीएसपी क्षेत्र में नियुक्त शिक्षकों को गृह जिले में लगाने तथा समसा के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने का आग्रह किया गया।

वार्ता के दौरान शिक्षा मंत्री के आग्रह पर शिक्षक संघों के प्रतिनिधियों ने अपने बच्चों को राजकीय विद्यालयों में पढ़ाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश सभाध्यक्ष संपत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि आचार्य, महिला उपाध्यक्ष सुषमा विश्नोई, प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह, महिला मंत्री गीता जैलिया, अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री बसंत जिंदल, कोषाध्यक्ष कैलाश कच्छावा सहित प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles