22-23 फरवरी को दिल्ली में एआई और मानवीय मूल्यों पर अंतरराष्ट्रीय मंथन
डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में जुटेंगे 800 से अधिक शिक्षाविद् और वैज्ञानिक
सीकर : तकनीकी क्रांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के तीव्र विस्तार के बीच मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से 22-23 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। यह संगोष्ठी जनपथ स्थित प्रतिष्ठित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, शैक्षिक फाउंडेशन तथा दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘डिजिटल समाज और मानवीय मूल्य: कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के युग में एकात्म मानव दर्शन की प्रासंगिकता’ रखा गया है।
एबीआरएसएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नारायण लाल गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों से 800 से अधिक शिक्षाविद्, वैज्ञानिक और नीति-निर्धारक भाग लेंगे। एआई और समाज के अंतर्संबंधों पर आधारित सैकड़ों शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। संगोष्ठी में डीपफेक, डिजिटल नैतिकता, भविष्य की शिक्षा प्रणाली तथा तकनीक में मानवीय मूल्यों के समावेश जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श होगा।
22 फरवरी को आयोजित उद्घाटन सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल, संगठन मंत्री महेंद्र कपूर, महासचिव प्रो. गीता भट्ट तथा प्राचार्य प्रो. हेमचंद जैन सहित अनेक शिक्षाविद् मार्गदर्शन देंगे।
राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के प्रदेश सभाध्यक्ष संपत सिंह ने कहा कि एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच शिक्षा में नैतिक मूल्यों और भारतीय चिंतन की धारा ‘एकात्म मानववाद’ को समाहित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी डिजिटल युग में तकनीक और मानवता के संतुलन का वैश्विक दृष्टिकोण प्रस्तुत करेगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2039529


