‘नव विधान’ प्रदर्शनी का सीधा हुआ प्रसारण:नए आपराधिक कानूनों की मिली जानकारी
'नव विधान' प्रदर्शनी का सीधा हुआ प्रसारण:नए आपराधिक कानूनों की मिली जानकारी

पचेरी : पचेरी पुलिस थाना परिसर में सोमवार को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी ‘नव विधान – न्याय की नई पहचान’ का सीधा प्रसारण किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना था। कार्यक्रम का संचालन थानाधिकारी राजपाल यादव के नेतृत्व में हुआ। यह सीधा प्रसारण जयपुर के जेईसीसी सीतापुरा परिसर में 13 से 18 अक्टूबर तक आयोजित ‘न्याय के नए युग की प्रदर्शनी’ का हिस्सा था।
प्रदर्शनी में नाट्य रूपांतरण के माध्यम से नए आपराधिक कानूनों की सरल, रोचक और व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसका लक्ष्य आमजन को नवीन कानूनों के तहत उनके अधिकार और न्यायिक प्रक्रिया में आए बदलावों को समझाना था। थानाधिकारी राजपाल यादव ने कहा कि यह पहल जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करेगी। उन्होंने जोर दिया कि नए कानूनों की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना लोकतांत्रिक न्याय व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम कानूनी साक्षरता और जन जागरूकता में वृद्धि करते हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमजन, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र, सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक और जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में थाना एचएम सहीराम, एएसआई शीशराम, हैड कांस्टेबल पूर्ण, कांस्टेबल रणवीर, कृष्ण, कमलेश कुमार, विजय कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।