करवा चौथ पर महिलाओं ने आस्था के साथ रखा व्रत, कथा सुनकर चंद्रदर्शन के बाद खोला व्रत
करवा चौथ पर महिलाओं ने आस्था के साथ रखा व्रत, कथा सुनकर चंद्रदर्शन के बाद खोला व्रत

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : विजेन्द्र शर्मा
खेतड़ी : करवा चौथ के पावन अवसर पर उपखंड क्षेत्र में महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, दांपत्य सुख और वैवाहिक जीवन की सुरक्षा के लिए पारंपरिक व्रत रखा। सुबह सूर्योदय से पहले महिलाओं ने स्नान कर पूजा-अर्चना की और व्रत की शुरुआत की। महिलाओं ने करवा सजाकर विधि-विधान से पूजा सामग्री तैयार की और सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा सुनी। जसरापुर गांव में कथा का वाचन किरण देवी ने किया। उन्होंने बताया कि करवा चौथ का व्रत सुहागिनें पति के दीर्घ जीवन और वैवाहिक समृद्धि के लिए रखती हैं। मान्यता है कि इस व्रत से वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास और सौभाग्य की वृद्धि होती है।
नवविवाहित महिलाओं ने अपनी सास को वस्त्र एवं उपहार भेंट किए और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। यह परंपरा सास-सद्भाव और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का प्रतीक मानी जाती है। शाम को महिलाओं ने पारंपरिक श्रृंगार कर पूजा स्थल पर करवा रखकर आरती उतारी और सुहाग रक्षा की कामना की। चांद निकलने के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोला गया। इसके बाद बाणा निकालकर भोजन ग्रहण किया गया। इस अवसर पर किरण देवी, अंजू देवी, सुनीता देवी, राधिका देवी, अंतिमा देवी सहित कई महिलाएँ मौजूद रहीं।