निर्जला एकादशी पर धार्मिक आयोजन:गणेश्वर तीर्थ पर श्रद्धालुओं ने किया स्नान, शहर में लोगों को पिलाया शरबत
निर्जला एकादशी पर धार्मिक आयोजन:गणेश्वर तीर्थ पर श्रद्धालुओं ने किया स्नान, शहर में लोगों को पिलाया शरबत

नीमकाथाना : नीमकाथाना में शुक्रवार को निर्जला एकादशी पर धार्मिक गतिविधियों का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने गणेश्वर तीर्थ धाम पर पवित्र स्नान किया। शहर में जगह-जगह ठंडे पानी और शरबत का वितरण हुआ। सुबह से ही महिलाओं ने घरों में पूजा-पाठ किया। लोगों ने घड़े, पंखे, बर्तन, फल और रुपये दान किए। कई स्थानों पर प्याऊ लगाई गईं। गणेश्वर और टपकेश्वर जैसे तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर के पुजारी के अनुसार, निर्जला एकादशी का व्रत दीर्घायु और मोक्ष प्राप्ति का कारण बनता है।
गणेश्वर तीर्थ धाम की स्वाभाविक गर्म जलधारा में महिलाओं ने स्नान किया। मंदिरों में पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगी गईं। रेलवे स्टेशन पर स्काउट गाइड ने यात्रियों को ठंडा शरबत और पानी पिलाया। व्यापारी मंडल के सदस्यों ने भी विभिन्न स्थानों पर राहगीरों को शीतल पेय पदार्थ वितरित किए। जेठ मास की शुक्ल पक्ष में मनाई जाने वाली इस एकादशी पर लोगों ने अपनी क्षमता अनुसार दान-पुण्य किया। शहर के विभिन्न हिस्सों में शरबत और ठंडे पानी का वितरण दिनभर चलता रहा।