सरदारशहर में कृषि मेले का आयोजन:जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट किसानों का किया सम्मान
सरदारशहर में कृषि मेले का आयोजन:जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट किसानों का किया सम्मान

सरदारशहर : सरदारशहर के कृषि विज्ञान केंद्र में सोमवार को जिला स्तरीय कृषि प्रदर्शनी और किसान सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी करने का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे किसानों ने उत्साहपूर्वक देखा।
आकर्षक स्टॉल और नवाचार पर फोकस
कृषि मेले में विभिन्न विभागों की आकर्षक स्टॉल लगाई गईं, जहां किसानों को उन्नत खेती, बागवानी, पशुपालन और जैविक कृषि से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी दी गई। जिले भर से आए किसानों, कृषि विशेषज्ञों और अधिकारियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
किसानों का सम्मान, महिलाओं की विशेष भागीदारी
कृषि, बागवानी और पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। महिला किसानों को भी विशेष योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण जानकारियां
इस मौके पर जिला प्रमुख वंदना आर्य, भाजपा नेता मधुसूदन राजपुरोहित और कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। विशेषज्ञों ने उन्नत खेती, जल संरक्षण और जैविक कृषि पर चर्चा की। किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों और नई तकनीकों से अवगत कराया गया।
कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मुकेश माथुर, सहायक निदेशक डॉ. कुलदीप शर्मा, एसडीएम डॉ. दिव्या चौधरी, तहसीलदार रतनलाल मीणा, आत्मा डिप्टी राजेश कुल्हरी, चूरू को-ऑपरेटिव बैंक के जिला प्रबंधक मदनलाल शर्मा और केवीके के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. वी.के. सैनी ने भी किसानों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
किसानों की बड़ी भागीदारी, आयोजन सफल
इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि अनुमान से 200 प्रतिशत अधिक किसानों ने भाग लिया। इस मेले ने किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों की ओर प्रेरित किया। इस तरह के आयोजनों से किसानों का ज्ञानवर्धन होता है और वे नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं।