मनोज बाटड़ बने सीकर भाजपा के नए जिलाध्यक्ष:बोले- चुनाव में कोई गुटबाजी नहीं हुई, गोपाल फोगावट हत्याकांड में परिवादी थे
मनोज बाटड़ बने सीकर भाजपा के नए जिलाध्यक्ष:बोले- चुनाव में कोई गुटबाजी नहीं हुई, गोपाल फोगावट हत्याकांड में परिवादी थे

सीकर : भारतीय जनता पार्टी (सीकर) ने मनोज बाटड़ को जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है। भाजपा ऑफिस में हुई भाजपा के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की बैठक में भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने सर्वसम्मति से मनोज बाटड़ को पार्टी का नया सीकर जिला अध्यक्ष घोषित किया।
बता दें कि सीकर भाजपा जिला अध्यक्ष के लिए 18 जनों ने आवेदन किया था। जिनमें से सर्वसम्मति से बाटड़ को जिलाध्यक्ष चुना गया। नए जिला अध्यक्ष की घोषणा के बाद से जिला अध्यक्ष को लेकर पूरी तरह से हावी हुई गुटबाजी पर विराम लग गया। हालांकि इससे पहले चर्चा थी कि पूर्व जिला अध्यक्ष कमल शिखवाल को एकबार फिर से रिपीट किया जा सकता है। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। जैसे ही प्रदेश कोषाध्यक्ष ने नए जिला अध्यक्ष की घोषणा की तो भाजपा कार्यालय जय श्री राम के नारों से गूंज उठा।

बाटड़ बोले- कोई गुटबाजी नहीं हुई
जिला अध्यक्ष चुने जाने के बाद मनोज बाटड़ ने कहा- भारतीय जनता पार्टी में किसी की गुटबाजी नहीं देखी गई। यह किसी का बहम हो सकता है। सभी लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिया है और पार्टी में पूरा काम टीमवर्क के साथ होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी में कभी मनभेद नहीं होता मतभेद किसी का भी हो सकता है। इसलिए इसमें गुटबाजी जैसी कोई बात नहीं है।

गोपाल फोगावट हत्याकांड में रहे परिवादी
मनोज बाटड़ किसान परिवार से आते हैं। वे जिला परिषद के सदस्य, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री व जिला उपाध्यक्ष के पद भी रह चुके हैं। पार्टी में मनोज बाटड़ काफी एक्टिव है। सीकर में साल 2006 में हुए चर्चित गोपाल फोगावट हत्याकांड में मनोज बाटड़ परिवादी भी था। 5 अप्रैल 2006 को करीब दो गाड़ियों में सवार होकर आए कुछ बदमाश एसके कॉलेज के सामने वाली गली में स्थित एक टेलर की दुकान में घुसे व गोपाल फोगावट पर गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी थी।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मनोज बाटड़ ने कोतवाली पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में कोर्ट ने बलबीर बानूड़ा सहित करीब एक दर्जन से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद करीब एक दर्जन लोगों को आजीवन कारावास की सजा हुई थी।