गुढ़ागौड़जी में दो गुटों में खूनी संघर्ष – लाठी-सरियों से हमला, तीन राउंड हवाई फायरिंग से दहशत
कैम्पर गाड़ियों में सवार होकर आए थे 10-15 बदमाश; रास्ता रोककर युवक को मरणासन्न किया, क्षेत्र में तनाव
गुढ़ागौड़जी : विधानसभा क्षेत्र के गुढ़ागौड़जी कस्बे में सोमवार को दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प और ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। वारदात गुढ़ागौड़जी से चंवरा मार्ग पर बाईपास के पास अंजाम दिया। हमलावरों ने एक गुट की गाड़ी को आगे से घेरकर रोका और लाठी-सरियों व हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए मौके पर तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन घटना के बाद से ही क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।
रास्ता रोककर गाड़ी पर बोला धावा, युवक गंभीर घायल
घायल पक्ष के विनोद चौधरी ने बताया कि वह वीरेंद्र उर्फ गोलू, धर्मा और अंकित के साथ गाड़ी में सवार होकर गुढ़ागौड़जी से अपने घर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बाईपास के पास सामने से तीन कैम्पर गाड़ियों में सवार होकर आए करीब 10 से 15 युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ियां अड़ाकर रास्ता रोक लिया।

बदमाशों ने उतरते ही ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे उनकी गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हमले में सीथल निवासी वीरेंद्र उर्फ गोलू (30) पुत्र नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने उसे इस कदर पीटा कि उसके दोनों हाथ-पैर, कंधे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को लहूलुहान हालत में गुढ़ागौड़जी सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका प्राथमिक उपचार जारी है।
नामजद आरोपियों पर फायरिंग का आरोप
पीड़ित विनोद चौधरी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन पर तीन राउंड हवाई फायर किए जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने रोहित महला, विक्की स्वामी, पंकज भाटी, अनिल बगड़िया सहित अन्य 10-15 युवकों के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि ये सभी योजनाबद्ध तरीके से कैम्पर गाड़ियों में हथियारों से लैस होकर आए थे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।
पुरानी रंजिश: रविवार को भी हुआ था झगड़ा
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों गुटों के बीच रंजिश पिछले कुछ दिनों से चल रही है। रविवार शाम को भी गुढ़ाबावनी बस स्टैंड के पास दोनों पक्षों में झड़प हुई थी। उस घटना में काणिका की ढाणी निवासी अंकित ओला (17) के पैर की एड़ी में गंभीर चोट आई थी, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया था। इसी विवाद के चलते सोमवार को यह बड़ा हमला हुआ।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे खुलेआम घूमकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही बदमाशों ने पुलिस की दो गाड़ियों में भी तोड़-फोड़ की थी। पुलिस के ढीले रवैये के कारण क्षेत्र की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2242941


