‘शक्ति सुपर शी’ अभियान:कांग्रेस: 200 विधानसभा में 400 महिला कॉर्डिनेटर बनाएंगे, डोटासरा सप्ताह में दूसरी बार दिल्ली बुलाए
‘शक्ति सुपर शी’ अभियान:कांग्रेस: 200 विधानसभा में 400 महिला कॉर्डिनेटर बनाएंगे, डोटासरा सप्ताह में दूसरी बार दिल्ली बुलाए

जयपुर : लोकसभा चुनावों के उत्साह जनक परिणामों के बाद कांग्रेस को और मजबूत करने के लिए प्रदेश में एक बार फिर ‘शक्ति सुपर शी’ अभियान शुरू किया जा रहा है। रविवार को जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में इस अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों की बैठक हुई। यह अभियान यूथ कांग्रेस की ओर से चलाया जा रहा है। यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया के नेतृत्व में बैठक हुई।
दूसरी तरफ पार्टी के अगले बड़े अभियान को लेकर पीसीसी चीफ गोविंदसिंह डोटासरा सप्ताह में दूसरी बार मंगलवार को दिल्ली जा रहे हैं। मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षों की बैठक होगी। पिछले सप्ताह भी 2 दिन डोटासरा दिल्ली रहे। पार्टी किसी बड़े फैसले की तरफ बढ़ रही है। यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि जिस तरह से पार्टी में युवाओं की भागीदारी बढ़ी है। उसी तरह महिलाओं की भागीदारी बढ़ना भी जरूरी है। राजस्थान के हर जिले और विधानसभा क्षेत्रों में दो दो महिला को को-ऑर्डिनेटर की नियुक्ति की जा रही है। वे ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को जोड़ेंगी।
महिलाओं को नारी भागीदारी बढ़ाने का टास्क
इधर यूथ कांग्रेस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के सह प्रभारी अरुणा महाजन ने की। इस बैठक में पार्टी से जुड़ी कई महिला नेताओं को शामिल किया गया। सभी महिला प्रतिनिधियों को अलग अलग जिलों का टास्क दिया गया। टास्क के मुताबिक सभी को अपने अपने प्रभार वाले जिलों में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर पार्टी को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
पिछले साल शुरू हुआ था अभियान
‘शक्ति सुपर शी’ अभियान की शुरुआत यूथ कांग्रेस की ओर से एक साल पहले (अगस्त 2023 में) की गई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव तक देश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में महिलाओं को पार्टी से जोड़ने और उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था लेकिन यह अभियान गति नहीं पकड़ सका। अब इस अभियान को फिर से री लॉन्च किया गया है।
महिलाओं को मिलेंगे ज्यादा अवसर
बैठक को संबोधित करते हुए सह प्रभारी अरुणा महाजन ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस पार्टी ने युवाओं को नेतृत्व का अवसर प्रदान किया। उसी तरह आगामी दिनों में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व के ज्यादा से ज्यादा अवसर दिए जाएंगे। ऐसे में हर इलाके से महिलाओं को आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। महाजन ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में मुकाम हासिल कर रही है तो वे राजनीति में भी अपनी अहम भूमिका निभा सकती है।
‘शक्ति सुपर शी’ अभियान की इस बैठक में प्रदेश प्रभारी मोहम्मद शाहिद, प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया, कार्यकारी अध्यक्ष सुधींद्र मूंड, सुपर शक्ति शी कार्यक्रम की स्टेट को ऑर्डिनेटर पूजा भार्गव, संगठन महासचिव अरबाब खान, प्रदेश महासचिव चंद्रकला नागौरी, प्रदेश महासचिव डिंपल सिंदल, मीडिया विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष उज्ज्वल शर्मा, कोऑर्डिनेटर राहुल खान, आरजू चौधरी, भगवती भील, क्षमा शेख, खुशी स्वामी और पूजा सिगदार भी मौजूद रहे।