देश में इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम से हुआ बड़ा घोटाला:कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बोले- बीजेपी के बैंक में जमा होता पैसा, चुनाव में जनता देगी जवाब
देश में इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम से हुआ बड़ा घोटाला:कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बोले- बीजेपी के बैंक में जमा होता पैसा, चुनाव में जनता देगी जवाब

अलवर : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि देश में इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम से बड़ा घोटाला हुआ है, जिसका कोर्ट के जरिए भी खुलासा हो गया है। ये दुनिया का बड़ा स्कैम है। इस स्कैम में लूट, डकैती किया गया है।
मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में एक सुरंग बनाने के लिए कंपनी को साढ़े 14 हजार करोड़ का टेंडर दिया है। 966 करोड़ रुपए इलेक्टोरल बॉन्ड का पैसा बीजेपी के बैंक में जमा करा दिया गया।
मंत्री ने कहा कि जहां ED पहुंचती है, तीन दिन में पैसा जमा हो जाता है। फिर ईडी वापस नहीं आती है। यह देश के ऊपर बड़ा धब्बा लगा है। विश्व का मीडिया थू-थू करने लगा है। इस चुनाव में जनता बीजेपी को जवाब देगी। पढिए इलेक्टोरल बॉन्ड और बाकी मुद्दे पर क्या बोले मंत्री…

ये इलेक्टोरल बॉन्ड किस तरह का घोटाला बता रहे हैं आप?
जांच एजेंसी ईडी, सीबीआई सब बीजेपी के नेताओं की जेब में हैं। ये एजेंसियां कार्यकर्ता के रूप में काम करने लगी हैं। इलेक्शन कमिश्नर को रिजाइन करा दिया गया, जिसे चाहे उसे बना देते हैं। कितनों को एक्सटेंशन दे रखी हैं। आईएएस अफसरों में दर्द है। रिटायर होने के बाद एक्सटेंशन दे देते हैं।
बीजेपी प्रत्याशी से बेहतर कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव
मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में अलवर से कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव को पार्टी का बेहतर प्रत्याशी बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी प्रत्याशी भूपेंद्र यादव को राजगढ़्र, रैणी, लक्ष्मणगढ़, जैसे कई जगहों का पता तक नहीं है। वे जीपीएस के जरिए पहुंच रहे हैं।
राष्ट्रीय नेता भूपेंद्र यादव के सामने ललित कैसे चुनाव जीतेंगे? वे बड़े नेता हैं। उनके पास फंड भी ज्यादा बता रहे हैं?
पैसे से चुनाव नहीं जीता जाता। पैसे से चुनाव जीतते को अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपति चुनाव जीतते। चुनाव जनता जिताती है। अब नारा लग गया है कि ‘बाहरी भगाओ स्थानीय को लाओ।’
जिला प्रमुख सहित कई नेता कांग्रेस छोड़ गए हैं? आप उन्हें रोक नहीं पा रहे?
जो अलवर का विकास, कांग्रेस विचाराधारा के नहीं है वे जा सकते हैं। वे सब स्वार्थवश जाने में लगे हैं। एक तरह से हमारे यहां छंटनी हो रही है। उससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। वोट जनता देती है। नेता अपने फायदे के लिए गए हैं। यह बात भी जनता को समझ आ गई है।
प्रदेश में मौजूदा सरकार के तीन महीने के कार्यकाल को कैसे देख रहे हैं?
मैं ही नहीं, पूरी जनता महसूस कर रही है। देश की सबसे बड़ी चिरंजीवी योजना, अन्नपूर्णा योजना बंद कर दी। आगे लोकसभा के चुनाव होते ही बची हुई योजनाएं भी बंद हो जाएगी। मतलब इनको गरीब, किसान व आमजन से मतलब नहीं है।
भंवर जितेंद्र सिंह राज्यसभा से जाएंगे। चुनाव नहीं लड़ने की वजह क्या है ?
जितेंद्र सिंह को कांग्रेस पार्टी ने बहुत कुछ दिया है। मुझे, एमएलएल, सांसद और मंत्री बनाया। अब एआईसीसी का महासचिव बनाया है। पार्टी के निर्देश पर काम करूंगा। आगे भी जो फैसला हाईकमान करेगा, उसे मानूंगा।

कांग्रेस ने ललित यादव पर इतना भरोसा कैसे जताया। विधानसभा के चुनाव में भी पहली लिस्ट में नाम था और अब लोकसभा के चुनाव में भी?
ललित यादव के बारे में पार्टी ने उनके संघर्ष को महसूस किया है। ललित यादव जनता के साथ लगे रहते हैं। रोजगार दिलाने के नाम पर आंदोलन किया है। जमीन अवाप्ति के मामले में भी किसानों की आवाज उठाई। जो युवाओं से दिल से जुड़ा हुआ है। युवाओं के लिए उनके दिल में दर्द है। इसलिए उनको टिकट दिया है। यह पार्टी ने बहुत सही निर्णय किया है।
डॉ. करण सिंह यादव और पूर्व विधायक संदीप यादव भी नाराज हैं?
डॉ. करण सिंह हमारे वरिष्ठ नेता हैं। सब साथ रहेंगे। पार्टी के स्तर पर टिकट मिलता है। पूर्व विधायक संदीप यादव ने तो खुद ललित का नाम लिया था। वे पार्टी के साथ ही रहेंगे।
बीजेपी तो मोदी की गारंटी पर चुनाव मैदान में है?
ये झुमलावाली गारंटी है। झूठी गारंटी वाली पार्टी है। उसका जवाब जनता अपने आप दे देगी। सबको पता है कि पहले रोजगार, महंगाई करने की गारंटी दी थी। उन सबका क्या हुआ। देश में बेरोजगारी बढ़ी है।