सीकर का जवान सिक्किम में शहीद:साथियों को बचाते पानी के बहाव में बहे, कल होगा अंतिम संस्कार
सीकर का जवान सिक्किम में शहीद:साथियों को बचाते पानी के बहाव में बहे, कल होगा अंतिम संस्कार

सीकर : सिक्किम त्रासदी में सीकर के जवान सज्जन सिंह खीचड़ शहीद हो गए हैं। वह अपने साथियों को बचाते हुए पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए थे। इसके बाद उनकी पार्थिव देह मिली। उनके पैतृक गांव माजीपुरा में रविवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहीद हवलदार सज्जन सिंह खीचड़ पलसाना के गांव माजीपुरा के रहने वाले थे। जो साल 2001 में 18 महार रेजीमेंट में भर्ती हुए थे। वह अपनी यूनिट के साथ वारडांग में तैनात थे। इस दौरान सीवी ग्राउंड पर तेज बाढ़ आई। वे अपने साथियों को बचाने के लिए मशक्कत कर रहे थे तो पानी के तेज बहाव में बह गए।
शहीद करीब 3 महीने पहले छुट्टियों में गांव आए थे। शहीद के पिता सुखदेव खेती का काम करते हैं और मां गृहिणी हैं। उनके के दोनों बेटे मेडिकल की पढ़ाई कर रहे है। शहीद की मंगलवार को आखिरी बार अपने परिजनों से बातचीत भी हुई थी। उन्होंने अपनी मां और दोनों बहनों को वीडियो कॉल भी किया था। कल सुबह पार्थिव देह को तिरंगा यात्रा के साथ गांव ले जाया जाएगा और वही सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।