राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी हिंदू महासभा, 2028 के लिए किया ऐलान
प्रदेशाध्यक्ष पवन कुमार पूनिया और राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने की घोषणा, हिंदुत्ववादी दलों को जोड़कर राष्ट्रीय गठबंधन बनाने की तैयारी
जयपुर : अखिल भारत हिंदू महासभा ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2028 को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। महासभा प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। प्रदेशाध्यक्ष पवन कुमार पूनिया और राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी हिंदुत्व की विचारधारा के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। इसके साथ ही समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों को जोड़कर राष्ट्रीय गठबंधन बनाने की तैयारी भी की जा रही है।
पूनिया और स्वामी चक्रपाणि महाराज ने कहा कि राजस्थान वीरों, संतों और भक्तों की भूमि है। प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महासभा जातिवादी और तुष्टिकरण की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। उनका कहना है कि प्रदेश को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम करे।
उन्होंने बताया कि हिंदुत्ववादी विचारधारा वाली राजनीतिक पार्टियों को एक मंच पर लाने के लिए राष्ट्रीय गठबंधन (आरएएजी) बनाया जाएगा। इसके तहत शिवसेना सहित कई राजनीतिक दलों से बातचीत चल रही है। अन्य हिंदुत्ववादी संगठनों और दलों से भी संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही इस संबंध में राजनीतिक बैठकें कर आगे की रणनीति घोषित की जाएगी।
महासभा के नेताओं ने कहा कि हिंदुत्व की विचारधारा के साथ चुनाव लड़ने के इच्छुक दलों और योग्य व्यक्तियों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष पवन कुमार पूनिया, प्रदेश कोर कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शर्मा झेरलीवाला और प्रदेश महामंत्री भागीरथ सिंह पिलानिया ने बताया कि स्वामी चक्रपाणि महाराज के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क, संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के चयन के लिए जल्द ही विशेष चुनाव समिति का गठन किया जाएगा। समिति सभी विधानसभा क्षेत्रों में योग्य, मेहनती, स्वच्छ छवि वाले और जनसेवा में सक्रिय लोगों का चयन करेगी। महासभा ने सभी वर्गों के योग्य लोगों को चुनाव लड़ने का अवसर देने की बात कही है। उम्मीदवारों के चयन में योग्यता, सामाजिक कार्य और जनसेवा को प्राथमिकता दी जाएगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2548504
