पाठ्यक्रम में उच्चारण के नियम नहीं होने की बात एनसीईआरटी ने मानी, आगामी पुस्तकों में शामिल करने का दिया भरोसा
दीपचंद्र शर्मा की आरटीआई के जवाब में भाषा शिक्षा विभाग ने दी जानकारी, हलन्त अक्षरों के सही उच्चारण के नियम पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग उठाई
चूरू : स्कूलों के पाठ्यक्रम में हिंदी और संस्कृत सहित भाषाओं के सही उच्चारण के नियमों को शामिल करने की मांग पर राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने महत्वपूर्ण जवाब दिया है। गीता प्रचार एवं नियमानुसार काम करो अभियान के अंतरराष्ट्रीय संयोजक दीपचंद्र शर्मा की ओर से सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में एनसीईआरटी के भाषा शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद फारूक अंसारी ने माना कि उनके द्वारा उठाई गई चिंता विचारणीय है। साथ ही आगामी कक्षाओं की पाठ्य पुस्तकों में भाषा, व्याकरण और उच्चारण से संबंधित अंश शामिल करने की बात कही है।
अभियान की चूरू जिला संयोजिका अनिशा भार्गव ने बताया कि विभागाध्यक्ष ने अपने जवाब में कक्षा 6, 7 और 8 की संस्कृत विषय की पुस्तक ‘दीपकम्’ तथा कक्षा 9 की पुस्तकों ‘शारदा’ और ‘इरावती’ में भाषा एवं व्याकरण से संबंधित पाठ होने की जानकारी दी है। हालांकि दीपचंद्र शर्मा का कहना है कि इन पुस्तकों में भी हलन्त अक्षरों के सही उच्चारण से जुड़े नियम शामिल नहीं हैं। उनका दावा है कि किसी भी कक्षा के पाठ्यक्रम में हलन्त अक्षरों के उच्चारण का स्पष्ट नियम नहीं पढ़ाया जा रहा है।
एक हजार से अधिक शिक्षण संस्थाओं में किया अध्ययन
गीता मनीषी एवं लोकतंत्र सेनानी दीपचंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र-पुत्रियों मनुज दाधीच, सीता दाधीच और गीता दाधीच के साथ देश-विदेश के एक हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों में जाकर यह जानने का प्रयास किया कि विद्यार्थियों को विद्या, विद्यालय और विद्यार्थी जैसे शब्दों का सही उच्चारण करने में परेशानी क्यों होती है। इस दौरान सामने आया कि हलन्त अक्षर का उच्चारण उसके पूर्ववर्ती अक्षर के साथ करने के नियम की जानकारी विद्यार्थियों और कई अन्य लोगों को नहीं है। ऐसे ही उच्चारण से जुड़े अन्य नियमों की जानकारी का भी अभाव है।
शर्मा ने बताया कि भाषा सीखने की प्रक्रिया में समय के साथ लगातार सुधार हुआ है। पहले लिखने की परंपरा विकसित हुई, फिर शब्दों को अलग-अलग लिखना सीखा गया। इसके बाद विराम चिह्नों का महत्व समझ में आया। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि ‘रोको मत जाने दो’ जैसे वाक्य में विराम चिह्न नहीं होने से अर्थ स्पष्ट नहीं होता। इसी तरह भाषा के सही ज्ञान के लिए उच्चारण के नियमों की जानकारी भी जरूरी है।
राष्ट्रपति सचिवालय तक पहुंचाया था मामला
दीपचंद्र शर्मा ने उच्चारण संबंधी नियमों को पाठ्यक्रम में शामिल करवाने के लिए राष्ट्रपति को पत्र लिखा था। राष्ट्रपति सचिवालय ने उनका पत्र भारत सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव को भेजा। वहां से मामला पाठ्यक्रम निर्धारित करने वाली संस्था एनसीईआरटी तक पहुंचा। इसके बाद भाषा शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद फारूक अंसारी ने पत्र के माध्यम से जवाब दिया कि उनकी ओर से जताई गई चिंता विचारणीय है और आगामी कक्षाओं की पाठ्य पुस्तकों में भाषा, व्याकरण और उच्चारण से संबंधित अंशों को स्थान दिया जाएगा।
शर्मा का कहना है कि बच्चों को शुरुआती कक्षाओं से ही भाषा के शुद्ध लेखन के साथ सही उच्चारण का ज्ञान दिया जाना चाहिए, ताकि वे हिंदी और संस्कृत के सामान्य शब्दों का भी सही ढंग से उच्चारण कर सकें।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2540572
