सीकर में महिला शिक्षकों का जिला सम्मेलन आयोजित, संगठनात्मक एकजुटता और नेतृत्व क्षमता पर दिया जोर
प्रदेश पर्यवेक्षक देवेंद्र शर्मा के सानिध्य में तीन सत्रों का आयोजन, डॉ. दीपिका शर्मा, सुशीला कस्वां और सुशीला रेवाड़ ने रखे विचार
सीकर : अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की जिला इकाई की ओर से रविवार को श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिल्वर जुबली रोड पर जिला महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिलेभर से आई महिला शिक्षकों और संगठन की महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में महिला शिक्षकों की संगठनात्मक भागीदारी, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक दायित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश पर्यवेक्षक देवेंद्र शर्मा (जयपुर) के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने महासंघ की रीति-नीति, वैचारिक आधार और संगठनात्मक कार्यपद्धति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आपसी विश्वास, अनुशासन और सामूहिक समर्पण से बनती है। महिला शिक्षकों की प्रभावी भागीदारी संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से शिक्षा, समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सम्मेलन की शुरुआत सुबह 10 बजे पंजीयन के साथ हुई। इसमें तीन सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र की अध्यक्षता सारिका यादव ने की। मुख्य वक्ता डॉ. दीपिका शर्मा ने वीरांगना रानी पद्मावती के जीवन, त्याग, साहस, स्वाभिमान और प्रेरणादायी व्यक्तित्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि रानी पद्मावती का जीवन नारी गरिमा, आत्मसम्मान और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देता है। सत्र का संचालन संतोष ने किया।

द्वितीय सत्र की अध्यक्षता विजयलता पालावत ने की। मुख्य वक्ता सुशीला कस्वां ने संगठनात्मक संरचना एवं विस्तार विषय पर विचार रखते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति सक्रिय सदस्यता, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता में निहित है। उन्होंने महिला शिक्षकों से संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। सत्र का संचालन प्रियंका ने किया।
भोजनावकाश के बाद तृतीय सत्र खुले मंच के रूप में आयोजित हुआ। इसमें सुशीला रेवाड़ ने महिला शिक्षकों को प्रेरक संबोधन देते हुए महिला शक्ति के सामर्थ्य, सामाजिक दायित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता पर प्रकाश डाला। खुले मंच पर महिला शिक्षकों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। इस दौरान महिला संवर्ग की समस्याओं, संगठन के विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि महिला शिक्षक शिक्षा के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनकी सक्रियता, विचारशीलता और नेतृत्व क्षमता सामाजिक बदलाव का मजबूत आधार है। सम्मेलन के समापन पर संगठनात्मक एकजुटता, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक चेतना को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। पूरे आयोजन में महिला शिक्षकों का उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण देखने को मिला।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2538427


