IND vs PAK U-19 Asia Cup Final: पाकिस्तान से हिसाब बराबर, भारत ने 9वीं बार जीती अंडर-19 एशिया कप की ट्रॉफी
U-19 Asia Cup 2026 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस मुकाबले में पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने शानदार शतक लगाया, जबकि भारत की ओर से कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने अर्धशतक लगाए।
अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया और 9वीं बार अंडर-19 एशिया कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 339 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
लक्ष्य और आर्यवीर ने ठोके अर्धशतक
पाकिस्तान की अंडर-19 टीम से मिले 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग की भारतीय सलामी जोड़ी मैदान पर उतरी। दोनों बल्लेबाजों ने कमाल की बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को खूब छकाया और पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की। भारत को पहला झटका आर्यवीर सहवाग के रूप में लगा। वह 17.4वें ओवर में आउट हुए। आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाए। इसके लिए उन्होंने 61 गेंदें खेली। आर्यवीर सहवाग ने अर्धशतकीय पारी के दौरान 9 चौके लगाए।
मोहित उल्वा ने चौका जड़कर दिलाई जीत
काव्या पटेल के बाद मनल चौहान ने मुश्किल हालात में पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने संघर्ष दिखाया। उन्होंने मोहित उल्वा के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 35 गेंदों में 57 रन की साझेदारी कर टीम को ना सिर्फ मजबूती दी बल्कि टीम की जीत की उम्मीदों को भी जिंदा रखा। हालांकि मनल चौहान 32 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हो गए। मनल चौहान ने छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी के दौरान 3 चौके और 3 छक्के लगाए।
इसके बाद चिगुरुपति वेंकटा और मोहित उल्वा ने आखिरी जोड़ी के रूप में बल्लेबाजी की। दोनों ने निर्णायक क्षणों में धैर्य बनाए रखा। पारी के आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर भारत को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे। ऐसे में मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर भारत को पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दिला दी। मोहित उल्वा 26 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद रहे। चिगुरुपति वेंकटा भी 8 गेंद में 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
उस्मान खान का शतक हुआ बेकार
इससे पहले टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज हयाम खान और उस्मान खान ने पहले विकेट के लिए महज 8.1 ओवर में 62 रनों की साझेदारी की। हयाम खान 23 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद उस्मान खान ने अब्दुल कादिर के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की।
अब्दुल कादिर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 80 रन बनाए। उनकी इस पारी में 3 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। वहीं, उस्मान खान ने शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 111 गेंदों में 107 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल थे। पाकिस्तान अंडर-19 टीम के कप्तान फरहान यूसुफ ने भी अहम योगदान दिया। उन्होंने 60 गेंदों में 63 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इसके अलावा अहमद हुसैन ने 17 और विकेटकीपर हमजा जहूर ने 10 रन बनाए।
एक समय पाकिस्तान की टीम 4 विकेट के नुकसान पर 299 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी छह ओवरों में शानदार वापसी की। इस दौरान पाकिस्तान ने अपने 5 विकेट गंवाए और टीम सिर्फ 38 रन ही जोड़ सकी।
भारत की ओर से काव्या पटेल ने चटकाए 4 विकेट
भारत की ओर से काव्या पटेल ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 10 ओवर में 68 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, चिगुरुपति वेंकटा ने 5 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि अर्जुन राजपूत को 1 सफलता मिली।
पाकिस्तान की ओर से रिजवानुल्लाह ने 10 ओवर में 53 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, निकाब शफीक ने 10 ओवर में 57 रन देकर 2 विकेट चटकाए। अली रजा, मोहम्मद सय्याम और हसनैन अब्बास डार को 1-1 विकेट मिला।
भारत ने फाइनल में हिसाब किया बराबर
अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को शिकस्त देकर पिछले संस्करण की खिताबी हार का हिसाब बराबर कर लिया। इससे पहले अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था।
टूर्नामेंट के इतिहास में यह 9वीं बार है, जब भारत ने अंडर-19 एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। इससे पहले भारतीय टीम 1989, 2003, 2012, 2013-14, 2016, 2018, 2019 और 2021 में चैंपियन बनी थी। 2012 में भारत और पाकिस्तान संयुक्त विजेता रहे थे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2537272


