रानी पद्मावती के आदर्शों से जागृत होगी नारी चेतना, 15 नवंबर को सीकर में जुटेगी जिले की मातृशक्ति
महिला सम्मेलन में नारी स्वाभिमान, साहस, त्याग और नेतृत्व क्षमता पर होगा मंथन, तीन सत्रों में संगठनात्मक सशक्तीकरण पर होगी चर्चा
सीकर : नारी शक्ति के सामर्थ्य, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक सशक्तीकरण को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा), राजस्थान, जिला सीकर की ओर से 15 नवंबर को जिला महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। ‘नारी शक्ति का संगम–संगठनात्मक सशक्तीकरण का महाकुंभ’ थीम पर होने वाला यह सम्मेलन श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सीकर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण वीरांगना रानी पद्मावती के जीवन परिचय और प्रेरणादायी व्यक्तित्व पर आधारित विशेष सत्र रहेगा। इसमें उनके जीवन से जुड़े स्वाभिमान, साहस, त्याग, नारी गरिमा और सांस्कृतिक चेतना के आदर्शों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। रानी पद्मावती के जीवन प्रसंगों के माध्यम से भारतीय नारी के गौरवशाली इतिहास, आत्मसम्मान और अदम्य संकल्प की प्रेरणा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सम्मेलन में तीन सत्रों के माध्यम से महिला नेतृत्व, संगठनात्मक सहभागिता, सामाजिक दायित्व और शिक्षा के क्षेत्र में मातृशक्ति की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति आत्मीयता और सक्रियता बढ़ाने के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा उन्हें राष्ट्र एवं समाज निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
प्रदेश महिला संयोजक सुशीला कस्वां, जिला महिला उपाध्यक्ष नीतू शर्मा, जिला महिला मंत्री विजयलता पालावत एवं जिला महिला सचिव सुशीला रेवाड़ ने बताया कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज निर्माण, संस्कृति संरक्षण, शिक्षा के प्रसार और राष्ट्र के उत्थान की सशक्त संवाहक भी है। संगठित, जागरूक और आत्मविश्वास से परिपूर्ण नारी अपनी शक्ति से परिवार के साथ समाज और राष्ट्र को भी नई दिशा दे सकती है।
महासंघ की जिला कार्यकारिणी ने जिले की सभी महिला संगठन सदस्यों, शिक्षिकाओं एवं कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन महिला शक्ति के बीच संवाद, वैचारिक समृद्धि, संगठनात्मक एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का सशक्त मंच बनेगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2531274


