आईआईएमयूएन झुंझुनूं-2026 का समापन, स्वदेशी तकनीक और रोजगार रणनीति पर युवाओं ने किया मंथन
डॉ. सतीश पूनिया बोले—लीडरशिप केवल पद नहीं, जिम्मेदारी उठाने और सही दिशा देने की क्षमता का नाम
नवलगढ़ : बलवंतपुरा स्थित निजी विद्यालय में तीन दिन से चल रहे आईआईएमयूएन झुंझुनूं-2026 का रविवार को समापन हुआ। सम्मेलन में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न समितियों और पोर्टफोलियो में प्रतिनिधि के रूप में भाग लिया। विद्यार्थियों ने स्वदेशी प्रौद्योगिकी के विकास को बढ़ावा देने, बढ़ती बेरोजगारी से निपटने की रणनीति सहित समसामयिक और वैश्विक मुद्दों पर पक्ष-विपक्ष में तर्क रखते हुए विचार-विमर्श किया।
सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों ने तार्किक सोच, सवाल करने, सार्वजनिक वक्तृत्व, निर्णय लेने और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिनिधियों को समापन समारोह में पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
नेतृत्व जिम्मेदारी उठाने की क्षमता : पूनिया
समापन समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि नेतृत्व केवल पद हासिल करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी उठाने और दूसरों को सही दिशा देने की क्षमता है।
उन्होंने युवाओं से ज्ञान, अनुशासन और राष्ट्रहित को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आईआईएमयूएन जैसे मंच विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बड़े संकल्प से शुरू होता है बदलाव : राजेंद्र सिंह
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पर्यावरणविद् एवं ‘वाटरमैन ऑफ इंडिया’ डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के विचार, संकल्प और नेतृत्व क्षमता पर निर्भर है। उन्होंने विद्यार्थियों को संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जल संरक्षण एवं पर्यावरण के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए बड़े संकल्प के साथ लगातार काम करने की आवश्यकता है।
विद्यार्थियों ने प्रतिनिधि बनकर की बहस
सम्मेलन में विद्यार्थियों ने विभिन्न समितियों और पोर्टफोलियो का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक एवं समसामयिक मुद्दों पर बहस की। दो दिनों तक चले सत्रों में प्रतिभागियों ने पक्ष-विपक्ष में तर्क प्रस्तुत किए।
आयोजन में केवल भाषण तक सीमित रहने के बजाय विद्यार्थियों को वाद-विवाद, सार्वजनिक वक्तृत्व, तार्किक सोच, निर्णय लेने और नेतृत्व का व्यावहारिक अनुभव दिया गया।
अतिथियों ने सराहा आयोजन
भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। संस्था के सचिव बीएल रणवां ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने आईआईएमयूएन जैसे मंचों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम बताया।
विद्यालय प्राचार्या डॉ. रेखा यादव ने कहा कि सम्मेलन विद्यार्थियों को ज्ञान, संवाद, नेतृत्व और रचनात्मकता के लिए मंच उपलब्ध कराने वाला आयोजन रहा।
समापन समारोह में झुंझुनूं आईआईएमयूएन के संयोजक अनिकेत जैन, डीपीएस के प्राचार्य धनन्जय लाल, राहुल रणवां, अनिकेत रणवां सहित विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहे।
समारोह में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, भाजपा नेता विशम्भर पूनिया और समाजसेवी कैलाश चौटिया भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2429418


