[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

नशा तस्करी पर सख्ती, विभागों को समन्वय से कार्रवाई के निर्देश


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

नशा तस्करी पर सख्ती, विभागों को समन्वय से कार्रवाई के निर्देश

नशा तस्करी पर सख्ती, विभागों को समन्वय से कार्रवाई के निर्देश

झुंझुनूं : नार्को को-ऑर्डिनेशन सेंटर (नकॉर्ड) की जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी और रोकथाम को लेकर विभिन्न विभागों की कार्रवाई की समीक्षा की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने संगठित एवं पेशेवर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई, अंतरराज्यीय मामलों की जांच और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय की जानकारी दी।

जिला कलेक्टर ने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों की सूची संबंधित विभागों के साथ साझा करने तथा खुफिया सूचनाओं का प्रभावी आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने एएनटीएफ, एनसीबी, औषधि नियंत्रण विभाग और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर संयुक्त कार्रवाई करने तथा अंतरराज्यीय मामलों की जांच की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।

स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री पर कार्रवाई

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने विद्यालय परिसरों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वालों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों को शामिल करते हुए नियमित नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवाने को कहा गया। विद्यालयों में शिकायत पेटियां लगाए जाने की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी ने दी।

नशा मुक्ति केंद्रों की होगी निगरानी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में नशा मुक्ति केंद्रों और पुनर्वास सेवाओं की जानकारी ली गई। केंद्रों पर आने वाले लोगों का नाम, पता, मोबाइल नंबर और नशे के प्रकार का रिकॉर्ड रखने तथा आवश्यक जानकारी पुलिस विभाग के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए। नशीले पदार्थ कहां से खरीदे जा रहे हैं, इसकी जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध करवाने को कहा गया।

मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच

औषधि नियंत्रण विभाग को प्रतिबंधित एवं नियंत्रित दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ट्रामाडोल और कोडीन आधारित कफ सिरप जैसी दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने पर जोर दिया गया।

अवैध मादक फसलों पर नजर

राजस्व और कृषि विभाग को अवैध रूप से की जा रही मादक फसलों की खेती पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पटवारियों और कृषि पर्यवेक्षकों को गिरदावरी के दौरान अफीम एवं गांजा जैसी प्रतिबंधित फसलों की पहचान कर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने के लिए कहा गया।

आबकारी विभाग को भांग के वैध ठेकों पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम, कच्ची व हथकड़ शराब के खिलाफ कार्रवाई तथा जिले की सीमाओं पर नियमित जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि नशा मुक्त भारत और नशा मुक्त युवा के लक्ष्य के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से लगातार प्रभावी कार्रवाई करें। विशेष रूप से मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित एवं नियंत्रित दवाओं के वितरण की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में झुंझुनूं एसडीएम रामकरण सिंह, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा, थानाधिकारी श्रवण कुमार, उपनिरीक्षक मक्खन लाल यादव सहित आबकारी, कृषि, नारकोटिक्स, पुलिस, चिकित्सा एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Related Articles