[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

सीकर की 14 नगर निकायों में अध्यक्ष पद की तस्वीर साफ, कहीं सीधी टक्कर तो कहीं त्रिकोणीय मुकाबला


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

सीकर की 14 नगर निकायों में अध्यक्ष पद की तस्वीर साफ, कहीं सीधी टक्कर तो कहीं त्रिकोणीय मुकाबला

सीकर की 14 नगर निकायों में अध्यक्ष पद की तस्वीर साफ, कहीं सीधी टक्कर तो कहीं त्रिकोणीय मुकाबला

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत

सीकर : जिले की 14 नगर निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर तस्वीर अब साफ हो गई है। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कई निकायों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि कुछ निकायों में निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। जिले में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के बाद 29 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा।

श्रीमाधोपुर नगरपालिका में कांग्रेस के रामनाथ सैनी और भाजपा की शांति देवी सैनी के बीच सीधा मुकाबला है। निर्दलीय प्रत्याशी सेडूराम सैनी ने नामांकन वापस ले लिया। यहां भाजपा के 19, कांग्रेस के 9 और निर्दलीय 7 पार्षद हैं।

रींगस नगरपालिका में कांग्रेस के हरदयाल बलौदा और निर्दलीय सरिता निठारवाल के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के अमित शर्मा और कांग्रेस के अशोक कुमावत आमने-सामने हैं। यहां भाजपा के 11, कांग्रेस के 5 और 19 निर्दलीय पार्षद हैं।

लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका में कांग्रेस के संजीव कुमार, भाजपा के दीपक जाजोदिया और निर्दलीय नसीम बानो के मैदान में रहने से त्रिकोणीय मुकाबला है।

सीकर नगर परिषद में सभापति पद के लिए कांग्रेस की खतीजा बानो और भाजपा की कंचन खड़ोलिया के बीच सीधा मुकाबला है। 65 वार्डों में कांग्रेस के 38, भाजपा के 22, चार निर्दलीय और एक वार्ड में रालोपा प्रत्याशी विजयी हुआ था।

पलसाना नगरपालिका में कांग्रेस की कमला कुमावत के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के नरेश कुमावत निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं। वे नवगठित पलसाना नगरपालिका के पहले अध्यक्ष बने हैं।

दांता नगरपालिका में निर्दलीय सुरेश बजाड़ के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के नेमीचंद कुमावत, कांग्रेस के भंवरलाल चेजारा, निर्दलीय रामेश्वर लाल कुमावत और भाजपा के बागी निर्दलीय राजेश चेजारा मैदान में हैं। यहां कांग्रेस के 11, भाजपा के 8 और पांच निर्दलीय पार्षद हैं।

खाटूश्यामजी नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की विनिता पूनिया और भाजपा की प्रेमदेवी के बीच मुकाबला है। अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है। यहां 21 सितंबर को निर्वाचित पार्षद अध्यक्ष का चुनाव करेंगे।

अजीतगढ़ नगरपालिका में कांग्रेस के ओमप्रकाश कुमावत और भाजपा के राजेंद्र सैनी के बीच सीधा मुकाबला है। यहां कांग्रेस के 9, भाजपा के 8 और निर्दलीय 8 पार्षद हैं। ऐसे में निर्दलीय पार्षद चुनाव प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।

रामगढ़ शेखावाटी नगरपालिका में भाजपा प्रत्याशी प्रशांत जोशी के नामांकन वापस लेने के बाद कांग्रेस के मदन सैनी और निर्दलीय मकसूद भाटी के बीच मुकाबला रह गया है।

नीमकाथाना नगरपालिका में कांग्रेस के महेश मेगोतिया और भाजपा के रणजीत सिंह मंगावा आमने-सामने हैं। यहां कांग्रेस के 20, भाजपा के 17 और तीन निर्दलीय पार्षद हैं। तीनों निर्दलीय पार्षदों के कांग्रेस के समर्थन में होने की बात सामने आई है।

खंडेला नगरपालिका में कांग्रेस के रामगोपाल ने नामांकन वापस ले लिया। अब कांग्रेस की आबिदा बानो, भाजपा के बनवारी लाल और निर्दलीय युधिष्ठर सैनी के बीच मुकाबला है।

धोद नगरपालिका में भाजपा के नवीन पंवार और कांग्रेस के प्रेमाराम के बीच सीधा मुकाबला है। यहां कुल 20 पार्षद अध्यक्ष पद के लिए मतदान करेंगे। इनमें भाजपा के 10, कांग्रेस के 8, माकपा का एक और एक निर्दलीय पार्षद शामिल है। अध्यक्ष पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 11 है।

फतेहपुर नगरपालिका में मुस्ताक नजमी और महफूज बानो के नामांकन निरस्त होने के बाद भाजपा की अंजू भिंडा और कांग्रेस की निकिता रिणवा के बीच सीधा मुकाबला रह गया है।

लोसल नगरपालिका में कांग्रेस के बागी निर्दलीय गौरीशंकर शर्मा के नामांकन वापस लेने के बाद कांग्रेस के लक्ष्मण सिंह और भाजपा के बलदेवाराम आमने-सामने हैं। यहां कुल 35 पार्षद अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। इनमें कांग्रेस के 16, भाजपा के 9, माकपा का एक और नौ निर्दलीय पार्षद हैं।

इस तरह सीकर जिले की 14 नगर निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। कई निकायों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है, जबकि लक्ष्मणगढ़, दांता और खंडेला में मुकाबला बहुकोणीय है। वहीं अजीतगढ़, रींगस और लोसल जैसे निकायों में निर्दलीय पार्षदों की संख्या भी चुनावी गणित को प्रभावित कर सकती है। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को निर्धारित है।

Related Articles