[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

रींगस में भैंरूबाबा लक्खी मेले की तैयारियों पर बैठक:14 सितंबर से शुरू होगा 8 दिवसीय मेला, 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यरींगससीकर

रींगस में भैंरूबाबा लक्खी मेले की तैयारियों पर बैठक:14 सितंबर से शुरू होगा 8 दिवसीय मेला, 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

रींगस में भैंरूबाबा लक्खी मेले की तैयारियों पर बैठक:14 सितंबर से शुरू होगा 8 दिवसीय मेला, 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

रींगस : रींगस कस्बे के प्रसिद्ध भैंरूबाबा के आठ दिवसीय वार्षिक लक्खी मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार शाम नगर पालिका सभागार में बैठक हुई। तहसीलदार महेश ओला की अध्यक्षता में हुई बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। तहसीलदार महेश ओला ने बताया कि मेला 14 सितंबर को भैंरूबाबा के छोटे मेले के साथ शुरू होगा।

आठ दिवसीय लक्खी मेले में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। बैठक में दर्शन के लिए बैरिकेडिंग, सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी, पार्किंग, यातायात रूट और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा मेले में कुछ नए बदलाव करने पर भी विचार किया गया।

जोहड़ी में स्नान के लिए बढ़ाई जाएंगी सुविधाएं

भैंरूबाबा की पवित्र जोहड़ी में श्रद्धालुओं के स्नान को देखते हुए साफ-सफाई और अन्य सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया गया। मेले में आवारा पशुओं को रोकने और मेला परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। गर्मी और उमस को देखते हुए मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए हवा और छाया की व्यवस्था की जाएगी।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर फोकस

पुलिस प्रशासन को वाहनों की आवाजाही के लिए रूट निर्धारित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका प्रशासन को मेला परिसर में साफ-सफाई, रोशनी, पार्किंग और अस्थायी दुकानों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

शनिवार से दूसरे राज्यों से पहुंचेंगे श्रद्धालु

मेले को लेकर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब समेत कई राज्यों से श्रद्धालुओं का शनिवार से ही रींगस पहुंचना शुरू हो जाएगा। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में बनी धर्मशालाओं की साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। मंदिर के सामने बैरिकेडिंग और पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

कई विभागों के अधिकारी और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस थाना प्रभारी राजेंद्र कमांडो, मंदिर पुजारी मामराज गुर्जर, सुवालाल गुर्जर, रामस्वरूप गुर्जर, जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता बृजमोहन ओला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles