10 नगर निकायों में लोकतंत्र का उत्सव, 76.24 फीसदी मतदान
3.02 लाख मतदाताओं में से 2.33 लाख ने डाला वोट; खाटूश्यामजी और रींगस में सबसे ज्यादा मतदान, फतेहपुर में सबसे कम
सीकर : नगर पालिका आम चुनाव 2026 के प्रथम चरण में बुधवार को जिले की 10 नगर निकायों—फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, दांता, खाटूश्यामजी, रींगस, खण्डेला, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़ और नीमकाथाना में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। सुबह 7 बजे से ही मतदान केन्द्रों पर कतारें लगनी शुरू हो गईं और शाम तक मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कुल 3 लाख 2 हजार 69 मतदाताओं में से 2 लाख 33 हजार 370 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह प्रथम चरण में कुल 76.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
खाटूश्यामजी और रींगस में सबसे ज्यादा मतदान
मतदान प्रतिशत के लिहाज से रींगस 85.71 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद खाटूश्यामजी में 85.41, पलसाना में 83.31, अजीतगढ़ में 82.35, श्रीमाधोपुर में 82.31, नीमकाथाना में 79.66, दांता में 77.25, खण्डेला में 76.44, लक्ष्मणगढ़ में 74.07 और फतेहपुर में 66.80 प्रतिशत मतदान हुआ।
बुजुर्ग, दिव्यांग, महिला और युवा भी पहुंचे मतदान केन्द्र
मतदान केन्द्रों पर लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर मतदाता लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और युवाओं ने भी मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।मतदान शुरू होने से पहले मतदान दलों ने पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में मॉकपोल कराया। इसके बाद मतदाताओं ने ईवीएम के जरिए अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि सभी 10 नगर पालिका क्षेत्रों में मतदान निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में शांतिपूर्ण रहा। मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। चुनाव अधिकारियों, मतदान दलों, पुलिसकर्मियों और अन्य कार्मिकों ने अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
मतदाताओं का जताया आभार
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रथम चरण के मतदान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने वाले सभी मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों की सजग और सक्रिय भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत होता है। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं स्वतंत्र मतदान सम्पन्न कराने में सहयोग देने वाले चुनाव अधिकारियों, मतदान दलों, पुलिसकर्मियों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी लोगों का भी आभार व्यक्त किया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2363974

