स्पर्श अभियान ने झुंझुनूं में जगाई सुरक्षा और आत्मविश्वास की अलख
21 विद्यालयों में 44 जागरूकता सत्र, 18 हजार विद्यार्थियों व शिक्षकों तक पहुंचा अभियान
झुंझुनूं : जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित ‘जागरूक झुंझुनूं’ अभियान के तहत ‘स्पर्श’ अभियान ने बाल सुरक्षा, व्यक्तिगत जागरूकता और सुरक्षित बचपन को लेकर जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। 20 स्वयंसेवकों ने 21 विद्यालयों में 44 जागरूकता सत्र आयोजित कर करीब 18 हजार विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद किया।
सत्रों में बच्चों को सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, आत्मविश्वास, जीवन कौशल और अनुचित व्यवहार से बचाव की जानकारी सरल एवं संवादात्मक तरीके से दी गई। बच्चों को संभावित खतरों की पहचान करने, असहज स्थिति में दृढ़ता से अपनी बात रखने और जरूरत पड़ने पर किसी विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों से सीधे संवाद कर समझाई सुरक्षा
स्पर्श अभियान के प्रणेता एवं झुंझुनूं के प्रभारी सचिव नवीन जैन ने विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को अपने अधिकारों और व्यक्तिगत सीमाओं के प्रति जागरूक होना चाहिए।
अभियान के कार्यक्रम समन्वयक प्रमेन्द्र कुल्हार ने बताया कि जागरूकता सत्रों में बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, आत्मविश्वास और जीवन कौशल से जुड़े विषयों पर उदाहरणों के माध्यम से जानकारी दी गई।
2019 में हुई थी अभियान की शुरुआत
राज्य समन्वयक डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि 24 अगस्त 2019 से शुरू हुआ स्पर्श अभियान अब व्यापक सामाजिक जागरूकता पहल बन चुका है। देशभर में अब तक 7,278 संस्थानों में 9,400 जागरूकता सत्र आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से 20 लाख से अधिक बच्चों, किशोर-किशोरियों, शिक्षकों और अभिभावकों तक संदेश पहुंचाया गया है।
‘सैटरडे फॉर सोसाइटी’ पहल के तहत प्रत्येक शनिवार स्वयंसेवक विद्यालयों एवं अन्य स्थानों पर जाकर बच्चों को सुरक्षित बचपन और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हैं। अभियान स्वैच्छिक, कागजरहित और बिना कार्यालय के संचालित किया जा रहा है।
21 विद्यालयों में पहुंचा अभियान
अभियान के तहत मोदी वर्ल्ड स्कूल, जेके मोदी राजकीय विद्यालय, गुरुकृपा पब्लिक स्कूल, प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल, राजस्थान स्कूल, सेंट्रल चिल्ड्रन एकेडमी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीएलसी, रविंद्र स्कूल, केशव आदर्श विद्या मंदिर, जीबी मोदी स्कूल, एजिस स्कूल, इंडियन स्कूल, पीएमश्री जानू राजकीय विद्यालय सहित 21 विद्यालयों में जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।
अभियान में रचना शर्मा, रोहित कृष्ण नंदन, चन्द्रिका बगरेट्टा, डॉ. मुनमुन शर्मा, प्रज्ञा श्रीवास्तव, विकास जैन, सौरभ असवाल, अनिता बड़सीवाल, मीना अरुण, आकांक्षा जैन, सुनीता रेवाड़, सुरभि जैन, सुनीता शर्मा, रोमा शर्मा, सुरेश कुमार, ए.के. शर्मा एवं दिनेश चोटिया सहित स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि ‘स्पर्श’ अभियान बाल सुरक्षा के क्षेत्र में अभिनव पहल है। बच्चों में सुरक्षा-बोध, आत्मविश्वास और सजगता विकसित करने में ऐसे जागरूकता अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2332689

