1.3 किलोमीटर सड़क के लिए ग्रामीणों ने बुलंद की आवाज, बिजौली–गोकुल का बास मार्ग निर्माण की मांग
सड़क निर्माण संघर्ष समिति के नेतृत्व में ग्रामीणों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन, कलेक्टर, सांसद व एसडीएम को ज्ञापन सौंपने का निर्णय
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : निरंजन सैन
पिलानी : बिजौली से गोकुल का बास तक करीब 1.3 किलोमीटर सड़क का अधूरा निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। आसपास के अधिकांश मार्गों का निर्माण हो चुका है, लेकिन बिजौली–गोकुल का बास मार्ग का यह हिस्सा वर्षों से अधूरा पड़ा है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर अब ग्रामीणों ने एक बार फिर आंदोलन की राह पकड़ते हुए अपनी आवाज बुलंद की है।
बिजौली–गोकुल का बास सड़क निर्माण संघर्ष समिति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का यह छोटा-सा हिस्सा अधूरा होने के कारण क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं सहित हजारों ग्रामीणों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान समस्या और अधिक बढ़ जाती है तथा ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर पिलानी विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के समक्ष कई बार लिखित ज्ञापन प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इसके अलावा ग्रामीण कई बार एकजुट होकर अपनी समस्या प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सामने रख चुके हैं। इसके बावजूद अब तक सड़क के शेष हिस्से के निर्माण को लेकर कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि 1.3 किलोमीटर सड़क का यह हिस्सा क्षेत्र के विकास में बाधा बना हुआ है। लंबे समय से मांग किए जाने के बावजूद सड़क निर्माण नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
अब सड़क निर्माण संघर्ष समिति ने निर्णय लिया है कि ग्रामीण एकजुट होकर जिला कलेक्टर, सांसद एवं एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे तथा बिजौली–गोकुल का बास मार्ग के शेष 1.3 किलोमीटर हिस्से का निर्माण शीघ्र करवाने की मांग करेंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा मानते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
सड़क निर्माण संघर्ष समिति ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के सम्मान, विकास और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ी है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सड़क निर्माण की ठोस पहल नहीं होती, तब तक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाई जाती रहेगी। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिक से अधिक लोगों से एकजुट होकर जनहित के इस अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।
बिजौली निवासी इंजीनियर पुनीत रोहलन एवं कुलदीप सिंह राठौड़ ने सड़क की समस्या एवं ग्रामीणों के आंदोलन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण लंबे समय से अधूरा होने के कारण ग्रामीणों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है और अब ग्रामीण संगठित होकर सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन में विजय सिंह, रणधीर सिंह, इंजीनियर पुनीत रोहलन, कुलदीप सिंह राठौड़, राजकुमार अग्रवाल, छगन सिंह, सूबेदार चंदगीराम, ताराचंद, रोहतास गोठड़िया, हनुमान गोठड़िया, हवा सिंह, बंसी काजला, राजेश, बजरंग सिंह, शीशराम, रमेश, सुरेश, चुनाराम, बदलूराम सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2300509


