दाउदसर में शहीद हरलाल कालेर की प्रतिमा का अनावरण:डोटासरा ने सैनिकों के बलिदान को बताया राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत
प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा बोले, "शहीदों का बलिदान अजर-अमर, उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी"
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
रतनगढ़ : चूरू की रतनगढ़ तहसील के दाउदसर गांव में बुधवार को अमर शहीद हरलाल कालेर की प्रतिमा का अनावरण राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने किया। समारोह में शहीद परिवार का सम्मान किया गया। डोटासरा ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान से संभव है और शहीदों की प्रतिमाओं की स्थापना व सम्मान समारोहों का पूरा खर्च केंद्र और राज्य सरकार को उठाना चाहिए।
प्रतिमा अनावरण समारोह में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने की। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र बुडानिया, विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज मेघवाल, विधायक अनिल शर्मा, पूर्व विधायक कमला कस्वा, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया, हाजी मकबूल मंडेलिया, प्रशासक विधा देवी पारीक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शहीदों के सम्मान को लेकर सरकार से अपेक्षा
मुख्य अतिथि गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि देश के सैनिक सीमाओं के सच्चे प्रहरी हैं और उनके सर्वोच्च बलिदान से ही देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि शहीदों की प्रतिमाओं की स्थापना और ऐसे आयोजनों का पूरा खर्च सरकार को वहन करना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस प्रकार के कार्य सरकार की ओर से कराए जाएंगे।

लोकतांत्रिक व्यवस्था और युवाओं के मुद्दों पर बोले
डोटासरा ने कहा कि नगर निकाय और पंचायती राज चुनाव न्यायपालिका के हस्तक्षेप के बाद संभव हो पाए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में सक्रिय होकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दलितों, मजदूरों और किसानों के हितों की अनदेखी हुई है तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं को भारी नुकसान पहुंचा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून बनाकर दोषियों को जेल भेजा गया था और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए कठोर कदम उठाए गए थे।

शहीद परिवार का सम्मान
समारोह में गोविंद सिंह डोटासरा और विधायक पूसाराम गोदारा ने शहीद हरलाल कालेर के पिता डालूराम कालेर, माता विमला देवी और वीरांगना श्रवणी देवी सहित शहीद परिवार का शॉल एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मान किया।
इन्होंने कहा
“शहीद हरलाल कालेर ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, राष्ट्र उसका सदैव ऋणी रहेगा। शहीदों की कोई जाति या धर्म नहीं होता, वे पूरे देश की अमानत होते हैं। गांव में स्थापित यह प्रतिमा केवल पत्थर का रूप नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। जो समाज अपने शहीदों के बलिदान को याद रखता है, उसका मस्तक हमेशा ऊंचा रहता है। वीर जवानों और उनके परिवारों के कल्याण तथा सम्मान के लिए हम सदैव प्रतिबद्ध हैं।” – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा
“देश की रक्षा में शहीद हरलाल कालेर जी का यह अमर बलिदान पूरे चूरू जिले और राजस्थान के लिए गर्व का विषय है। वीरों और शहीदों की बदौलत ही आज हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। अमर शहीद की शहादत आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति, सेवा और त्याग का अलख जगाती रहेगी। इस वीर भूमि और शहीद परिवार के चरणों में मैं नमन करता हूँ तथा क्षेत्र के विकास व शहीद की स्मृति को सहेजने के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे।” – तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया
“एक सैनिक जब सीमा पर तिरंगे की शान के लिए डटकर खड़ा होता है, तो पूरा देश चैन की नींद सोता है। शहीद हरलाल कालेर जी ने अपनी शहादत से इस माटी का मान बढ़ाया है। आज की युवा पीढ़ी को ऐसे वीरों की जीवनगाथा से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। शहीद परिवार का त्याग अतुलनीय है और पूरा प्रदेश इस वीर परिवार के साथ खड़ा है।” – पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया
“शेखावाटी की यह वीरधरा सदियों से देश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले बांकुरों की भूमि रही है। शहीद हरलाल कालेर का बलिदान हमारे पूरे क्षेत्र के लिए अत्यधिक गर्व का विषय है। गांव दाऊदसर में लगी यह प्रतिमा आने वाले वर्षों तक युवाओं में देशभक्ति का जज्बा कायम रखेगी। शहीद के गांव और क्षेत्र के विकास के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे।” – रतनगढ़ विधायक पुसाराम गोदारा
“एक पिता के लिए अपने बेटे को खोने का कष्ट शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, लेकिन जब मैं यह सोचता हूँ कि मेरे बेटे हरलाल ने भारत माता की रक्षा करते हुए अपने प्राण दिए हैं, तो मेरा सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है। आज पूरे क्षेत्र और जनप्रतिनिधियों ने जो मान-सम्मान मेरे बेटे के बलिदान को दिया है, उससे हमारे परिवार को संबल मिला है। मेरा बेटा देश के काम आया, यही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।”समारोह के दौरान पूरा परिसर “भारत माता की जय” और “शहीद हरलाल कालेर अमर रहें” के गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा। अतिथियों ने शहीद के परिजनों का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भावपूर्ण सम्मान किया। – शहीद के पिता डालूराम कालेर
“देश के जांबाज सैनिकों के त्याग और बलिदान के कारण ही प्रत्येक नागरिक सुरक्षित जीवन जी रहा है। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा तथा उनके सम्मान और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जाएंगे।” – रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा
इन लोगों ने भी रखे विचार
कार्यक्रम को विधायक नरेंद्र बुडानिया, विधायक मनोज मेघवाल, विधायक अनिल शर्मा, पूर्व विधायक कमला कस्वा, एआईसीसी सदस्य तनवीर खान चूरू, पीसीसी सचिव मुस्ताक खान, हाजी मकबूल मंडेलिया और पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच पूर्णाराम सारण, सियाचंद कानसुजिया, रिखाराम तालनिया, राधेश्याम सारण, रणजीत पहलवान, लिछमणराम सारण, ओमप्रकाश पारीक, मेघाराम मंडार, सीताराम तालनिया, मदनलाल डीलर और लालचंद भाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधान गिरधारीलाल बांगड़वा, अजय बंसिया, भानीराम मेघवाल एवं मनीष जाखड़ ने किया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2307105


