[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

अस्पताल निरीक्षण में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने के निर्देश


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

अस्पताल निरीक्षण में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने के निर्देश

मौसमी बीमारियों की रोकथाम, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की मॉनिटरिंग और निर्माणाधीन भवन की प्रगति की समीक्षा

सीकर : अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार मीणा और लक्ष्मणगढ़ उपखंड अधिकारी मोहर सिंह मीणा ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय, लक्ष्मणगढ़ का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ओपीडी, आपातकालीन सेवाएं, प्रसूति कक्ष, एमसीएच विंग, लैब, एक्स-रे, सोनोग्राफी, दवा वितरण केंद्र, जन औषधि केंद्र, डायलिसिस यूनिट, टीबी एवं टीकाकरण सेवाओं सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों और प्रसूताओं से बातचीत कर उपचार, दवाइयों, पोषण आहार और स्वच्छता की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने चिकित्सकों को हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित मॉनिटरिंग और जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने के निर्देश दिए।

बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा गतिविधियां, फॉगिंग, जलभराव रोकने और जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जीवनरक्षक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

अधिकारियों ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की सराहना की। निर्माणाधीन जिला चिकित्सालय भवन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। वर्तमान भवन की मरम्मत के लिए एनएचएम मुख्यालय से बजट स्वीकृति पर भी चर्चा की गई।

निरीक्षण के बाद मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (एमआरएस) की बैठक में अस्पताल विकास, संसाधनों की उपलब्धता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अटल भास्कर सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles