रॉन्ग साइड से आई कार ने कॉन्स्टेबल को उड़ाया, मौत:शराब की बोतल बरामद, पेट्रोल खत्म होने के कारण पैदल बाइक लेकर जा रहे थे
रॉन्ग साइड से आई कार ने कॉन्स्टेबल को उड़ाया, मौत:शराब की बोतल बरामद, पेट्रोल खत्म होने के कारण पैदल बाइक लेकर जा रहे थे
झुंझुनूं : सड़क किनारे बाइक लेकर पैदल जा रहे चूरू के एक कॉन्स्टेबल को रॉन्ग साइड से आई बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कॉन्स्टेबल उछलकर कार के शीशे पर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल को झुंझुनूं के बीडीके हॉस्पिटल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, तलाशी में कार से शराब की बोतल मिली है। हादसा झुंझुनूं के सदर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर में हुआ।
पेट्रोल खत्म होने पर पैदल चल रहे थे
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से झुंझुनूं के बजावा (रावतका) के रहने वाले सिकंदर हमीरवास (चूरू) थाने में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। सिकंदर बाइक को हाथ से पकड़कर पैदल ही सड़क किनारे चल रहे थे। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रही बेकाबू कार ने उन्हें चपेट में ले लिया।
सिर में गंभीर चोट
चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिकंदर उछलकर कार के बोनट से टकराते हुए आगे के शीशे पर जा गिरे। इससे कार का शीशा चकनाचूर हो गया। उनके सिर में गंभीर चोट आने के कारण अत्यधिक खून बह गया था।

कार से मिली शराब की बोतल, ड्राइवर हिरासत में
हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार ड्राइवर धर्मवीर सिंह जादौन (38) को मौके पर ही रोककर पूछताछ की। कार की तलाशी ली गई, तो अंदर से शराब की बोतल बरामद हुई। धर्मवीर राणासर (झुंझुनूं) का रहने वाला है। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बीडीके हॉस्पिटल में तोड़ा दम, भाई ने दर्ज कराया मामला
घायल कॉन्स्टेबल को तुरंत झुंझुनूं के बीडीके हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार को ही पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कॉन्स्टेबल के भाई विकास कुमार ने सदर थाने में ड्राइवर धर्मवीर सिंह के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और जान लेने का मामला दर्ज कराया है।
परिवार का इकलौता सहारा थे, गांव में पसरा सन्नाटा
कॉन्स्टेबल सिकंदर अपने दो भाइयों में छोटे थे और पूरे परिवार का एकमात्र सहारा थे। उनकी असामयिक मौत की खबर जैसे ही गांव बजावा पहुंची, वहां मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सिकंदर के बड़े भाई विकास कुमार खेतीबाड़ी करते हैं। उनके पिता भी किसान हैं। वह लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। सिकंदर का साढ़े चार साल का बेटा कार्तिक है। उनकी पत्नी गृहिणी हैं।
हादसे के 20 घंटे बाद भी मेडिकल नहीं कराया
इस मामले में पुलिस ने लापरवाही की सारी हदें पार कर दीं। जिस कार से शराब की बोतल मिली है, जिस कार की टक्कर से कॉन्स्टेबल की जान चली गई, उस ड्राइवर का मेडिकल घटना के 20 घंटे बाद भी नहीं कराया गया। इस सवाल के जवाब में सदर थानाधिकारी मांगीलाल कहते हैं- सोमवार को मेडिकल कराया जाएगा। ड्राइवर को शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2233016


