[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

बाल राम श्रेणी रामलीला के 66वें स्थापना दिवस पर अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़मंड्रेलाराजस्थानराज्य

बाल राम श्रेणी रामलीला के 66वें स्थापना दिवस पर अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ

आज हनुमान चालीसा, भजन-कीर्तन व महाआरती के साथ होगा समापन

मंड्रेला : श्री बाल राम श्रेणी रामलीला के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ का गुरुवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ शुभारंभ हुआ। होली चौक स्थित श्री बाल राम श्रेणी रामलीला परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अखंड रामायण पाठ प्रारंभ किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों और मर्यादाओं का श्रवण कर धर्म लाभ लिया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रीराम नाम के जयघोष से माहौल गुंजायमान हो गया। श्रद्धालुओं ने रामायण पाठ में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अखंड रामायण पाठ का वाचन पंडित सुरेंद्र पाराशर एवं सुरेश शर्मा के सानिध्य में किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य यजमान श्यामसुंदर पोलीवाल उर्फ लालजी एवं उनकी पत्नी अंजना पोलीवाल रहे। आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन किया जा रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार शुक्रवार को अखंड रामायण पाठ का समापन हनुमान चालीसा पाठ, भजन-कीर्तन एवं महाआरती के साथ होगा। समापन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

संस्था के संस्थापक शंकर शरण पोलीवाल ने बताया कि श्री बाल राम श्रेणी रामलीला पिछले 66 वर्षों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का कार्य कर रही है। अखंड रामायण पाठ का उद्देश्य समाज में भगवान श्रीराम के आदर्शों, संस्कारों और मर्यादाओं का संदेश पहुंचाना है।

संस्था के उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी ने कहा कि रामायण केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला मार्गदर्शक है। अखंड रामायण पाठ से समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है और आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भावना को बढ़ावा मिलता है।

इस अवसर पर डॉ. बीके शर्मा, सुधीर निर्वाण, सुशील रूंगटा, महेंद्र जोशी, पवन सोनी, राकेश जोशी, हरिराम टेलर, हरीश जोशी, विकास मोदी, ओमप्रकाश कुमावत, चेतन तुलस्यान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles