[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

खेतड़ी में ईद उल अजहा की नमाज अदा, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
खेतड़ीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

खेतड़ी में ईद उल अजहा की नमाज अदा, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ

खेतड़ी में ईद उल अजहा की नमाज अदा, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ

खेतड़ी : खेतड़ी कस्बे में ईद उल अजहा का पर्व गुरुवार को धार्मिक उत्साह, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कस्बे की ईदगाह में सैकड़ों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर ईद उल अजहा की विशेष नमाज अदा की तथा देश में अमन-चैन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।

ईदगाह में नमाज के दौरान मुस्लिम समाज के साथ हिंदू समाज के लोगों ने भी पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारकबाद दी और सामाजिक सद्भाव की मिसाल पेश की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

इमाम ने दिया भाईचारे और नेकी का संदेश

नमाज के बाद इमाम मौहम्मद आरिफ ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ईद उल अजहा त्याग, प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि देशभर में मुस्लिम समाज ने ईद की नमाज अदा कर देश में शांति और भाईचारे की दुआ मांगी है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज में नफरत और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने की जरूरत है। मुसलमान का असली काम नेकी करना, दूसरों के साथ अच्छा व्यवहार रखना और प्रेम एवं सौहार्द के साथ जीवन जीना है।

सप्ताहभर पहले से चल रही थीं तैयारियां

ईद उल अजहा को लेकर मुस्लिम समाज के घरों में कई दिनों पहले से तैयारियां शुरू हो गई थीं। लोगों ने घरों की साफ-सफाई, खरीदारी और रिश्तेदारों की मेहमाननवाजी की तैयारियों में व्यस्तता दिखाई। ईद के मौके पर घरों में विशेष पकवान बनाए गए तथा रिश्तेदारों और परिचितों को दावतें दी गईं। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। थानाधिकारी मोहनलाल ने पूर्व में शांति समिति एवं सीएलजी की बैठक आयोजित कर सभी धर्मों के लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की थी।

ईद के दिन कस्बे के मुख्य मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। बबाई, पपुरना, गोठड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई।

अन्य क्षेत्रों में भी अदा की गई नमाज

खेतड़ी कस्बे के अलावा बबाई, पपुरना, सिंघाना, खेतड़ी नगर और मेहाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई। इस अवसर पर लीलाधर सैनी, पंकज शास्त्री, मोहम्मद रफी, सलमान, रजाक खान, नूर मोहम्मद, आजाद अहमद, जुमरदीन, शाहरुख खान और इसफाक खान सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Related Articles