चिड़ावा में फिल्मी अंदाज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पीछा, बैरिकेडिंग और टक्कर के बाद हरियाणा निर्मित शराब से भरी क्रेटा पकड़ी, तीन गिरफ्तार
चिड़ावा में फिल्मी अंदाज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पीछा, बैरिकेडिंग और टक्कर के बाद हरियाणा निर्मित शराब से भरी क्रेटा पकड़ी, तीन गिरफ्तार
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : निरंजन सैन
चिड़ावा : शहर में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उस समय सनसनी फैल गई जब पिलानी रोड स्थित डीएसपी कार्यालय के बाहर भारी पुलिस जाब्ता, डीएसटी टीम और हथियारबंद जवानों की तैनाती दिखाई दी। अचानक बढ़ी पुलिस गतिविधियों को देखकर आम लोग भी हैरान रह गए। बाद में सामने आया कि पुलिस को हरियाणा निर्मित अवैध शराब की बड़ी खेप तस्करी कर लाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पूरे इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने पिलानी से शुरू किया पीछा, चिड़ावा में की बैरिकेडिंग, क्रेटा कार को एस्कॉर्ट कर रही थी बलेनो
सूत्रों के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर की एक क्रेटा कार में अवैध शराब भरकर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल के नेतृत्व में डीएसटी टीम, पिलानी थाना पुलिस और चिड़ावा थाना पुलिस सक्रिय हो गई।
बताया जा रहा है कि तस्करों के पिलानी पहुंचते ही पिलानी थानाधिकारी चंद्रभान चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान तस्करों ने वाहन तेज गति से चिड़ावा की ओर दौड़ा दिए। चिड़ावा में डीएसपी कार्यालय के सामने बैरिकेडिंग कर पुलिस जवानों को तैनात किया गया। कुछ देर बाद एक नीले रंग की बलेनो कार तेज रफ्तार में वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने घेरकर रोक लिया। सूत्रों के अनुसार बलेनो कार में सवार दो लोग क्रेटा कार को एस्कॉर्ट कर रहे थे।

पुलिस को देखकर बढ़ाई रफ्तार, स्विफ्ट डिजायर को मारी टक्कर
बलेनो कार के पीछे HR88A6006 नंबर की क्रेटा कार तेज गति से चिड़ावा पहुंची। पुलिस ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। इसी दौरान क्रेटा कार चालक ने पुलिस कार्रवाई से बचने के प्रयास में चिड़ावा से पिलानी की तरफ जा रही भिवानी निवासी कुणाल सांगवान की स्विफ्ट डिजायर कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि डिजायर कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार कुणाल सांगवान और एक अन्य व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। इसके बाद भी क्रेटा चालक वाहन भगाने का प्रयास करता रहा, लेकिन डीएसटी टीम और पुलिस जवानों ने आगे वाहन लगाकर घेराबंदी की और आखिरकार क्रेटा कार को रोक लिया।
क्रेटा की पिछली सीट हटाकर भरी गई थी शराब, करीब 50 बॉक्स हरियाणा निर्मित शराब बरामद
सूत्रों के अनुसार पुलिस जब क्रेटा कार की तलाशी लेने पहुंची तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। वाहन की पिछली सीट हटाकर हरियाणा निर्मित शराब की करीब 50 बॉक्स बोतलें खुली अवस्था में टेप से बांधकर रखी गई थीं। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए एक क्रेटा कार, एक बलेनो कार और भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर ली।
अधिकारियों के समक्ष होगा पूरे मामले का खुलासा, डीएसटी और थाना पुलिस ने मिलकर दिया कार्रवाई को अंजाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले का विस्तृत खुलासा अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इस कार्रवाई में एसआई कैलाश चंद्र, एएसआई राजेंद्र, बलवीर चावला, किशनलाल, मुकेश कुमार, डीएसटी एएसआई शशिकांत शर्मा, हेड कांस्टेबल अमित भाटिया, महावीर, सुधीर, कांस्टेबल योगेश शर्मा, अमित डाटिका, प्रवीण, श्रवण सहित अन्य पुलिसकर्मी और डीएसटी टीम के सदस्य मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2150868


