लीखवा गांव में बड़ा हादसा टला : 11 केवी लाइन टूटने से मची अफरा-तफरी, कई घरों के उपकरण जले
लीखवा गांव में बड़ा हादसा टला : 11 केवी लाइन टूटने से मची अफरा-तफरी, कई घरों के उपकरण जले
जनमानस शेखावाटी सवंददाता : निरंजन सैन
पिलानी : पिलानी क्षेत्र के लीखवा गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक 11 केवी की बिजली लाइन का तार टूटकर आबादी क्षेत्र में नीचे गिर गया। लाइन चालू होने के कारण तार गिरते ही चिंगारियां और आग के अंगारे चारों ओर फैलने लगे, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

लोगों के घरों और दुकानों में लगे बिजली उपकरणों के जलने की आवाजें दूर-दूर तक सुनाई देने लगीं। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई लोग बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों के अनुसार जिस समय तार गिरा, उस वक्त आसपास लोग मौजूद थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए नजदीकी जीएसएस में सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। यदि समय पर लाइन बंद नहीं होती तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

इस हादसे में गांव के कई घरों और दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। दुकानदार भादर सिंह कुमावत के यहां सीसीटीवी कैमरे, इन्वर्टर, डी-फ्रिज, पंखे और बिजली फिटिंग जल गई। प्रदीप जांगिड़ के घर इन्वर्टर, फ्रिज, पंखे और फिटिंग जल गई। मनीराम जांगिड़ के घर तीन पंखे, फ्रिज, पानी की मोटर, एलईडी, वॉशिंग मशीन और अन्य बिजली फिटिंग जल गई। पवन पारीक, सुमन सिंह शेखावत, बाबूलाल सिंह शेखावत और लीलू सिंह शेखावत के घरों में भी फ्रिज, पंखे और बिजली फिटिंग पूरी तरह जल गई। वहीं महेंद्र जांगिड़ के यहां पानी की मोटर और टीन शेड के नीचे आग लगने से फ्रिज, पंखे सहित अन्य उपकरण जलकर खराब हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि गांव में घरों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइनें लंबे समय से खतरा बनी हुई हैं, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त उपकरणों का मुआवजा दिया जाए और गांव में बिजली लाइनों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19








Total views : 2072945


