[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता और निर्बाध आपूर्ति के लिए प्रशासन सख्त


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता और निर्बाध आपूर्ति के लिए प्रशासन सख्त

संभागीय आयुक्त पूनम ने ‘आशा के झरने’ का किया निरीक्षण, दिव्यांग बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा

झुंझुनूं : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इस संबंध में शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय में जयपुर संभागीय आयुक्त पूनम की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संभागीय आयुक्त पूनम ने ऑयल कंपनियों और रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति केवल ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर घर-घर डिलीवरी के माध्यम से ही की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोदामों से सीधे गैस सिलेंडरों का वितरण नहीं किया जाए तथा अवैध रिफिलिंग जैसी गतिविधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की डिलीवरी ओटीपी आधारित प्रणाली के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाए और केवल पंजीकृत उपभोक्ताओं को ही गैस उपलब्ध कराई जाए।

संभागीय आयुक्त ने ऑयल कंपनियों के क्षेत्रीय अधिकारियों को जिला सतर्कता इकाई के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी गैस एजेंसियों को बुकिंग, उपलब्ध स्टॉक, लंबित आपूर्ति और डिलीवरी तिथि से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने के लिए एजेंसियों को सख्त हिदायत दी गई।

जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने आमजन से अपील की कि आवश्यकता होने पर ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराएं और किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें। उन्होंने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने तथा अवैध भंडारण, दुरुपयोग और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला सतर्कता इकाई और विशेष प्रवर्तन दल का गठन किया गया है। यह दल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में कमी, अवैध संग्रहण और अधिक कीमत पर बिक्री जैसी गतिविधियों पर निगरानी रखेगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव, झुंझुनूं एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की सेल्स अधिकारी अंशु झाझड़िया, जिला रसद अधिकारी डॉ. निकिता राठौड़ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles