[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

झुंझुनूं में जनगणना प्रथम चरण को लेकर प्रशिक्षण आयोजित


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

झुंझुनूं में जनगणना प्रथम चरण को लेकर प्रशिक्षण आयोजित

डिजिटल व पारदर्शी होगी पूरी जनगणना प्रक्रिया

झुंझुनूं : जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को लेकर झुंझुनूं जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला एवं चार्ज स्तर पर नियुक्त नियमित सहायकों का प्रशिक्षण मंगलवार को सूचना केंद्र सभागार में आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कैलाश चंद्र यादव के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक प्रमुख जनगणना अधिकारी कैलाश चंद्र यादव ने कहा कि जनगणना राष्ट्र का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसे पूरी गंभीरता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ संपन्न करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया पूर्णतया डिजिटल और पारदर्शी होगी, जिससे आंकड़ों की विश्वसनीयता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकेगी।

प्रशिक्षण सत्र में जनगणना निदेशालय जयपुर से आए सहायक निदेशक महेश कुमार एवं मास्टर ट्रेनर व जिला समन्वयक सुभाष यादव ने अधिकारियों को तकनीकी बारीकियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में 1 से 15 मई तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की जाएगी, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। दूसरे चरण में 16 मई से 14 जून तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा।

प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना का समस्त कार्य सीएमएमएस पोर्टल (सेंसस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम) एवं विशेष मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से किया जाएगा। इससे कार्य में तेजी आएगी और डाटा संग्रहण अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित होगा। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मोबाइल एप के उपयोग, प्रश्नावली भरने, मकानों के वर्गीकरण एवं सूचीकरण की व्यवहारिक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अजय कुमार आर्य ने चार्ज जनगणना अधिकारियों एवं अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

उप जिला जनगणना अधिकारी एवं आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की उपनिदेशक पूनम कटेवा ने अभिलेख संधारण, फील्ड मॉनिटरिंग, तकनीकी समस्याओं के समाधान तथा आमजन से समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रगणकों को उत्तरदाताओं द्वारा दी गई जानकारी पूर्णतया गोपनीय रखी जाएगी, इसलिए आमजन से अपील है कि जनगणना के दौरान सही व संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।

प्रशिक्षण के दौरान जिले के 4 जिला स्तरीय एवं 38 चार्ज स्तरीय अधिकारियों को विधिवत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

Related Articles