सरदारशहर में बंद मकान से लाखों की चोरी:नकदी, जेवरात गायब; मुंबई में रहता है परिवार
सरदारशहर में बंद मकान से लाखों की चोरी:नकदी, जेवरात गायब; मुंबई में रहता है परिवार

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : रूस्तम अली खान
सरदारशहर : सरदारशहर के वार्ड नंबर 43 में एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी मोहम्मद सलीम पुत्र फूसे खां ने पुलिस को रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि उनका परिवार मुंबई में रहता है। उनके पिता फूसे खां 26 सितंबर 2025 की रात करीब 9 बजे मकान पर ताला लगाकर मुंबई चले गए थे।
3 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे मोहम्मद सलीम अपने पिता के साथ मुंबई से सरदारशहर स्थित घर पहुंचे। 4 अक्टूबर की सुबह जब घर संभाला गया, तो पीछे की खिड़की टूटी हुई मिली और अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे। घर की अलमारी से लगभग 2 लाख 70 हजार रुपए नकद, सोने की दो अंगूठियां, एक सोने की चेन, दो चांदी की पाजेब और तीन विदेशी कंबल गायब मिले।
प्रार्थी के अनुसार, चोरी की वारदात 26 सितंबर की रात से 4 अक्टूबर की सुबह के बीच हुई। सूचना मिलने पर सरदारशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश कर रही है।