श्री फलोदी महिला मंडल सेवा समिति ने श्रद्धापूर्वक मनाया बछ बारस पर्व
सैकड़ों महिलाओं ने गौवत्स द्वादशी व्रत कर संतान की लंबी उम्र की कामना की

कोटा : हाल ही में श्री फलोदी मांगलिक भवन में श्री फलोदी महिला मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में मेडतवाल वैश्य समाज की महिलाओं ने बछ बारस (गौवत्स द्वादशी) का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।
प्रवक्ता डॉ. नयन प्रकाश गांधी ने बताया कि समिति की अध्यक्ष शारदा गुप्ता, महामंत्री शोभा घाटियां, कोषाध्यक्ष प्रीति गांधी, उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, सह सचिव स्वाति गुप्ता, सांस्कृतिक मंत्री खुशी भंडारी एवं कार्यकारिणी टीम के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं इस आयोजन में शामिल हुईं।
महिलाओं ने सामूहिक रूप से गाय एवं बछड़ों की पूजा की, गौवत्स द्वादशी की कथा का श्रवण किया और उन्हें हरा चारा व अनाज खिलाया। इसके बाद संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ व्रत का समापन किया।
उद्यमन के रूप में महिलाओं ने बाजरे की रोटी (सोगरा) और मोठ की सब्जी का भोजन किया। परंपरा के अनुसार इस दिन गेहूं के स्थान पर बाजरे का आटा और अंकुरित दाल का सेवन किया जाता है।
मान्यता है कि इस व्रत से संतान का जीवन सुरक्षित रहता है और उनका कल्याण होता है।
इस अवसर पर समिति की सभी पदाधिकारी महिलाओं के साथ मेडतवाल समाज की 200 से अधिक महिलाओं ने सामूहिक रूप से बछ बारस का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया।