हॉस्पिटल में घुसकर घायल भर्ती मरीज पर हमला:इमरजेंसी रूम में लाठी-सरियों से पीटा, पुलिस के खिलाफ धरने पर उतरा हॉस्पिटल स्टाफ
हॉस्पिटल में घुसकर घायल भर्ती मरीज पर हमला:इमरजेंसी रूम में लाठी-सरियों से पीटा, पुलिस के खिलाफ धरने पर उतरा हॉस्पिटल स्टाफ

खेतड़ी : खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में शुक्रवार देर रात 15-20 युवकों ने लाठी और सरिया लेकर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी रूम में भर्ती एक घायल युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ ने पुलिस पर मौके पर मौजूद होने के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। वहीं शनिवार सुबह हॉस्पिटल का स्टाफ धरने पर बैठ गया। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग और पुलिस की कार्यशैली का विरोध किया।

डॉ. सुनील कुमार झाझड़िया ने बताया कि रात करीब 12 बजे गजेन्द्र निवासी खेतड़ी घायल अवस्था में अस्पताल आया और उसने बाइक से गिरने की बात कही। नाइट ड्यूटी स्टाफ उसका उपचार कर रहा था, तभी 15-20 युवक लाठी-सरिया लेकर अस्पताल में घुस आए। युवकों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करते हुए इमरजेंसी रूम में दाखिल होकर गजेन्द्र पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे ड्यूटी डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की कोशिश की गई। सूचना मिलने पर खेतड़ी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावरों को हिरासत में लेने की बजाय ‘सुबह देखेंगे’ कहकर कार्रवाई टाल दी।
अस्पताल स्टाफ का कहना है कि पुलिस की लापरवाही से कर्मचारियों में आक्रोश है। हमले के बाद अस्पताल में भय का माहौल है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।