‘11 साल से देश में अघोषित आपातकाल’
खरगे बोले, जिनका संविधान निर्माण में योगदान नहीं, वो दे रहे नसीहत

नई दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पूरे देश में पिछले 1 साल से कांग्रेस संविधान बचाओ आंदोलन चला रही है। इससे बीजेपी घबरा गई है, जिनका देश की आज़ादी के आंदोलन और संविधान निर्माण में कोई योगदान नहीं रहा। जिस संविधान को बाबा साहेब, गांधी जी और जवाहरलाल नेहरू ने बनाया, उसे आरएसएस ने रामलीला मैदान में जलाया था। आज वो लोग कांग्रेस पार्टी को संविधान के बारे में नसीहत दे रहे है।
खरगे ने यह बातें इंदिरा भवन में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि आरएसएस के लोगों ने पारंपरिक संस्कृति और मनुस्मृति के अंश नहीं होने की बात कहते हुए बाबा साहेब के बनाए संविधान मानने से इनकार कर दिया था। खरगे ने कहा कि मोदी सरकार अपनी नाकामियों पर परदा डालने के लिए रोज नए कार्यक्रम और नारे देती है। अगर आज हमारा संविधान संकट में है, तो वह नरेंद्र मोदी की वजह से है। देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग कठपुतली बन गया है।
मणिपुर और जम्मू-कश्मीर क्यों नहीं गए पीएम
खरगे ने कहा कि मणिपुर जल रहा है, पर मोदी आज तक वहां नहीं गए। वहां संविधान की धज्जियां उड़ाई गईं, जिसके लिए भाजपा ही जिम्मेदार है। राहुल गांधी मणिपुर, जम्मू-कश्मीर जा सकते हैं, तो मोदी क्यों नहीं जा सकते? क्या वे अपने देश के लोगों से मिलने में डरते हैं?
कुछ लोगों के लिए मोदी पहले… खरगे ने कहा, ’कांग्रेस के लिए देश पहले है पार्टी बाद में, जबकि कुछ लोगों को लगता है कि मोदी पहले हैं और देश बाद में है।’ खरगे के इस बयान को शशि थरूर पर तंज माना जा रहा है। थरूर ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘उड़ने के लिए इजाजत मत मांगो, पंख तुम्हारे हैं और आसमान किसी का नहीं।’