उदयपुरवाटी से शाकंभरी तक निशान पदयात्रा निकाली:डीजे पर नाचते-गाते चले पदयात्री, फूल बरसाकर किया स्वागत
उदयपुरवाटी से शाकंभरी तक निशान पदयात्रा निकाली:डीजे पर नाचते-गाते चले पदयात्री, फूल बरसाकर किया स्वागत

उदयपुरवाटी : उदयपुरवाटी में नवरात्र के समापन पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मां शाकंभरी कुटुंब सकराय धाम की ओर से रविवार को उदयपुरवाटी से शाकंभरी तक निशान पदयात्रा निकाली गई। खेल मैदान के पास स्थित गणेश मंदिर में सर्वप्रथम निशान पूजन किया गया। मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से पूजा संपन्न करवाई। कार्यक्रम संयोजक मूलचंद सैनी और ब्रह्माकुमारी बीके सुनिता देवी की उपस्थिति में श्रद्धालु निशान लेकर शाकंभरी की ओर रवाना हुए।
शाकंभरी कुटुंब के सैकड़ों लोगों ने डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए पदयात्रा में भाग लिया। मार्ग में कई दुकानदारों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। नवमी की शाम को आरती के समय माता के दरबार में निशान अर्पित किए गए। इसी दौरान अखिल विश्व गायत्री परिवार की स्थानीय शाखा द्वारा गायत्री प्रज्ञापीठ भुरीकूड़ी पर गायत्री मंत्र अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन कन्या पूजन और गायत्री महायज्ञ के साथ हुआ। शहर में अनेक घरों में माता को भोग लगाया गया और कन्याओं को भोजन कराकर दान-दक्षिणा दी गई। कार्यक्रम में मूलचंद सैनी, बद्रीप्रसाद सैनी, एडवोकेट मोतीलाल सैनी, सुनील तंवर, वीरपाल सिंह, सुरेश अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।