नगर पालिका उपाध्यक्ष ने सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण:गंदगी के ढेर को देखकर लगाई फटकार, कहा- सुधार करें, भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा
नगर पालिका उपाध्यक्ष ने सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण:गंदगी के ढेर को देखकर लगाई फटकार, कहा- सुधार करें, भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा

उदयपुरवाटी : उदयपुरवाटी नगर पालिका उपाध्यक्ष रुकसाना बानो ने शनिवार को शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शहर में जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर को देखकर कार्मिकों को फटकार लगाई। उपाध्यक्ष ने नगर पालिका दफ्तर पहुंचकर कार्यवाहक सफाई निरीक्षक और जमादारों से मुलाकात की। जांच में पता चला कि संविदा कर्मचारियों की उपस्थिति का कोई ठोस रिकॉर्ड नहीं है। कर्मचारी सीधे अपने कार्यस्थल पर जाते हैं। जमादार व्हाट्सएप पर हाजरी भेजते हैं और इसी आधार पर भुगतान होता है।

रुकसाना बानो ने बताया कि नगर पालिका हर महीने सफाई पर 15 लाख रुपए खर्च कर रही है। इतने खर्च के बावजूद शहर के हर कोने में गंदगी के ढेर लगे हैं। उन्होंने सफाई कार्य में चल रहे भ्रष्टाचार पर कड़ी नाराजगी जताई।
उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अब भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा। हर जोन में जरूरत के हिसाब से ही कर्मचारी रखे जाएंगे। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों को सोमवार तक शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि सरकारी धन का सही उपयोग होना चाहिए।